Chhath Puja 2025: चिराग के घर खरना का प्रसाद ग्रहण करने पहुंचे नीतीश, कही ऐसी बात कि चेहरों पर आ गई मुस्कान
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार छठ पूजा के मौके पर चिराग पासवान के घर पहुंचे और खरना का प्रसाद ग्रहण किया। इस मुलाकात को राजनीतिक हलकों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यह ऐसे समय में हुई है जब बिहार के राजनीतिक समीकरण बदल रहे हैं। चिराग पासवान ने नीतीश कुमार के आगमन को सकारात्मक बताया है।

चिराग पासवान, उनकी मां व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार। सौ-आइपीआरडी
राज्य ब्यूरो, पटना। आस्था और पवित्रता के महापर्व छठ का महात्म्य माहौल में घुल गया है। हर तरफ इस महापर्व का उल्लास दिख रहा है। आम और खास पूरी निष्ठा से इस कठिन व्रत की शुरुआत कर चुके हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास में भी छठ मनाया जा रहा है। खरना के दिन रविवार शाम मुख्यमंत्री प्रसाद ग्रहण करने लोजपा (रा) के प्रमुख व केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के घर पहुंचे। गेट पर ही पासवान ने उनकी आगवानी की। मुख्यमंत्री ने हंसते हुए कहा, हम तो आपका दर्शन करने चले आए। सुनकर चिराग भी हंसने लगे। वहां खरना का प्रसाद ग्रहण किया। चिराग पासवान व उनकी मां सहित उनके स्वजनों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। चिराग के घर मुख्यमंत्री का जाना राजनीतिक गलियारे में चर्चा का विषय बना रहा। चिराग ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र भेंट उनका स्वागत किया। उनके साथ सभी स्वजनों ने तस्वीर भी खिंचवाई।
इधर मुख्यमंत्री आवास एक अणे मार्ग में भी महापर्व की रौनक पसरी है। सीएम के स्वजन व्रत कर रहे हैं। मुख्यमंत्री आवास परिसर में ही अर्घ्य की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री आवास में पूर्व में भी छठ होता रहा है। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री की भतीजी, भांजी व सरहज छठ व्रत कर रहीं हैं। इस बार मुख्यमंत्री की भाभी छठ नहीं कर रहीं। महापर्व को लेकर मुख्यमंत्री ने प्रदेश व देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा-लोकआस्था का यह महापर्व आत्मानुशासन का पर्व है, जिसमें लोग शुद्ध अंत:करण और निर्मल मन से अस्ताचल और उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। महापर्व छठ के अवसर पर भगवान भास्कर से राज्य की प्रगति, सुख, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना है।
इधर महापर्व के दौरान घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था पर सरकार की विशेष नजर है। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सभी डीएम को घाटों पर पटाखों के साथ कार्बाइड गन के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगाने का निर्देश दिया है। यह भी कहा है कि कार्बाइड गन के इस्तेमाल के दुष्प्रभाव के बारे में लोगों को जागरूक भी करें। उन्होंने छठ महापर्व के अवसर पर सुरक्षा एवं भीड़-प्रबंधन के दृष्टिकोण से पटाखों और कार्बाइड गन पर रोक लगाने को कहा है। मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया है कि आदेश का पालन गंभीरता से किया जाए, ताकि कोई हादसा न हो।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।