Patna Airport: मोंथा चक्रवात का विमान सेवाओं पर दिखा असर, स्पाइसजेट की 2 फ्लाइट रद
पटना में मोंथा चक्रवात के कारण शनिवार को विमान सेवाएं प्रभावित रहीं। दिल्ली और मुंबई सेक्टर की कई उड़ानें देरी से आईं और गईं, जबकि स्पाइसजेट की हैदराबाद और अहमदाबाद की उड़ानें रद कर दी गईं। इंडिगो की उड़ानें भी प्रभावित हुईं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। खराब मौसम के चलते पटना एयरपोर्ट पर फ्लाइट संचालन प्रभावित रहा।
-1762020348977.webp)
मौसम की वजह से कई फ्लाइट रद। (फोटो जागरण)
जागरण संवाददाता, पटना। मोंथा चक्रवात के प्रभाव से शनिवार को पटना सहित आसपास के क्षेत्रों में दिनभर रुक-रुक कर वर्षा होती रही।
खराब मौसम का असर पटना आने वाली विमान सेवाओं पर पड़ा। दिल्ली और मुंबई सेक्टर की चार जोड़ी उड़ानें विलंब से आयीं और रवाना हुईं, जबकि स्पाइसजेट की हैदराबाद और अहमदाबाद की उड़ानें रद करनी पड़ीं।
एयरलाइंस सूत्रों के अनुसार, स्पाइसजेट की हैदराबाद फ्लाइट एसजी-875 और अहमदाबाद फ्लाइट एसजी-877 को मौसम खराब होने के कारण रद किया गया। यात्रियों को इसकी सूचना पहले ही दे दी गई थी।
खराब मौसम के कारण दिल्ली-पटना और मुंबई-पटना सेक्टर की उड़ानें देरी से पहुंचीं। पटना से दिल्ली जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट एसजी-729 तीन घंटे की देरी से सुबह 11:18 बजे रवाना हुई। वहीं, एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-2672 एक घंटे देर से 9:54 बजे उड़ी।
इसके अलावा एयर इंडिया एक्सप्रेस की दो जोड़ी उड़ानें लगभग दो घंटे विलंब से टेकऑफ हुईं। पटना से मुंबई जाने वाली स्पाइसजेट फ्लाइट एसजी-337 भी करीब तीन घंटे की देरी से रात 10:35 बजे रवाना हुई।
इंडिगो एयरलाइंस की उड़ानें भी मौसम से प्रभावित रहीं। दिल्ली, कोलकाता, अहमदाबाद और पुणे सेक्टर की चार जोड़ी उड़ानें विलंब से आईं और गयीं। सबसे अधिक देर कोलकाता-पटना फ्लाइट 6ई-663 को हुई, जो निर्धारित समय 11:45 बजे की बजाय 3:00 बजे रवाना हुई।
पुणे से आने वाली फ्लाइट 7ई-126 दो घंटे देर से पहुंची और 3:40 बजे उड़ान भरी। अहमदाबाद से इंडिगो की फ्लाइट रात 7:35 बजे की बजाय 8:45 बजे लैंड हुई और 9:15 बजे इसे रवाना किया गया। इसी प्रकार दिल्ली की इंडिगो फ्लाइट 6ई-2792 करीब डेढ़ घंटे की देरी से पहुंची और 9:50 बजे पटना से रवाना हुई।
सूत्रों ने बताया कि अधिकांश उड़ानें अपने मूल शहरों से देर से रवाना हुई थीं, जिसके कारण पटना एयरपोर्ट पर भी उनका संचालन प्रभावित हुआ। खराब मौसम के चलते यात्रियों को पूरे दिन इंतजार और असुविधा का सामना करना पड़ा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।