Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    'वोट करेगा पटना', गांधी मैदान में बन रही 5.5 फुटबॉल मैदान जितनी विशाल महारंगोली

    Updated: Mon, 27 Oct 2025 04:55 AM (IST)

    पटना में जिला निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशन में मतदाता जागरूकता अभियान चल रहा है। गांधी मैदान में 'छह नवंबर को वोट करेगा पटना' थीम पर विशाल रंगोली बन रही है, जो साढ़े पांच फुटबॉल मैदान के बराबर है। इसका उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में मतदान के प्रति उदासीनता को दूर करना है। नागरिकों से 6 नवंबर को वोट डालने की अपील की गई है।

    Hero Image

    5.5 फुटबॉल मैदान जितनी विशाल महारंगोली

    जागरण संवाददाता, पटना। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डा. त्यागराजन एसएम के निर्देशन में सम्पूर्ण पटना जिले में सघन मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिले में चल रहे इस विशेष स्वीप अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों पटना मेट्रो रेल कारपोरेशन लिमिटेड, पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड, छठ कोषांग, आइसीडीएस, जीविका तथा कल्याण विभाग द्वारा मतदाताओं को आगामी छह नवम्बर को मतदान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इसी क्रम में गांधी मैदान, पटना में एक विशाल महारंगोली का निर्माण किया जा रहा है, जिसकी थीम है 'छह नवंबर को वोट करेगा पटना'। यह रंगोली गेट संख्या सात से 10 के बीच बनाई जा रही है, जिसकी लंबाई 243 मीटर और चौड़ाई 170 मीटर है। 

    साढ़े पांच फुटबॉल मैदान के बराबर 

    लगभग 41,310 वर्ग मीटर (4.4 लाख वर्ग फुट) क्षेत्रफल में फैली यह रंगोली करीब साढ़े पांच फुटबॉल मैदान के बराबर होगी। रंगोली को छह दिनों के रिकॉर्ड समय में पूरा किया जा रहा है। इसमें जीविका दीदियों, आंगनवाड़ी सेविकाओं, आइसीडीएस कर्मियों और आम नागरिकों का योगदान है। 

    पूरी महारंगोली पर्यावरण के अनुकूल रंगों व सामग्री जैसे चूना, मोरम मिट्टी और गुलाल से तैयार की जा रही है। इसका अनावरण 28 अक्टूबर को शाम 4 बजे किया जाएगा।

    जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्व के चुनावों में शहरी क्षेत्रों में मतदान के प्रति उदासीनता देखी गई थी, जिसे 'अर्बन एपैथी' कहा जाता है। इसे दूर करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 

    मतदाता जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश

    उन्होंने निर्देश दिया कि मॉल, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, अपार्टमेंट और सोसाइटीज में भी मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की हम लोकतंत्र के इस उत्सव को एक सुखद अनुभव बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। 

    छठ महापर्व के आयोजन के पश्चात लोकतंत्र के महापर्व में आप अवश्य शामिल हों और छह नवम्बर को गर्व से वोट डालें। आपका एक मत हमारे समृद्ध लोकतंत्र को नया आयाम देगा।