Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    स्कूली बच्चों को लेकर राजगीर निकले तेज प्रताप, लालू यादव ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

    By Jagran NewsEdited By: Mukul Kumar
    Updated: Fri, 29 Sep 2023 11:02 AM (IST)

    राजद प्रमुख लालू यादव ने राजगीर जू सफारी भ्रमण के लिए स्कूली बच्चों को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर दिया है। इस दौरान उनके बेटे व बिहार सरकार में पर्यावरण मंत्री तेज प्रताप यादव भी रहे। दरअसल तेज प्रताप यादव 74 स्कूली बच्चों के साथ राजगीर जू सफरी और नेचर सफारी का भ्रमण करेंगे। बच्चों को भोजन कराने राजगीर भ्रमण कराने सहित सभी तरह का खर्च वन विभाग वहन करेगा।

    Hero Image
    लालू यादव ने हरी झंडी दिखाकर बच्चों को किया रवाना

    जागरण संवाददाता, पटना। तेज प्रताप यादव मंत्री के रूप में बहुत ही बेहतर कार्य कर रहे हैं। ये पर्यावरण फ्रेंडली मंत्री बन गए हैं। देखिए, स्कूली बच्चों को राजगीर जू सफारी और नेचर सफारी का भ्रमण कराने के लिए खुद ले जा रहे हैं। इनका बच्चों के साथ भी बहुत लगाव है। उक्त बातें राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने कही।  

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बच्चों के साथ खिंचवाई तस्वीर

    लालू यादव ने शुक्रवार को 10 सर्कुलर रोड से स्कूली बच्चों की टीम को राजगीर जू सफारी और नेचर सफरी भ्रमण के लिए हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया। इस दौरान बच्चों के साथ तस्वीर भी खिंचाई। तीन वाहनों से 74 बच्चे राजगीर के लिए रवाना हुए।

    इस मौके पर लालू प्रसाद यादव ने कहा कि तेजप्रताप पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री के रूप में पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य कर रहे हैं। पौधा लगवाने, वृक्षों और जंगलों के संरक्षण का कार्य कर रहे हैं। वायु प्रदूषण में कमी लाने के लिए खुद साइकिल चलाते हैं। इनके कामकाज से वह प्रसन्न हैं।

    लालू बोले- पर्यावरण संरक्षण के लिए सबको आना होगा आगे

    उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सबको आगे आना होगा। इसी कड़ी में स्कूली बच्चों के साथ राजगीर खुद जा रहे हैं। लालू ने आगे कहा कि वह भी कुछ दिन पहले राजगीर जू सफारी गए थे। यह सफारी भ्रमण करने लायक है।

    राजगीर रवाना होने के पहले पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तेज प्रताप यादव ने अपने पिता लालू प्रसाद यादव को बताया कि संजय गांधी जैविक उद्यान में आयोजित कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने उनसे कहा था कि राजगीर जू सफारी का भ्रमण करा दीजिए।

    यह भी पढ़ें- राजनाथ सिंह से मुलाकात, लालू के घर नहीं मिली एंट्री और ठाकुर विवाद पर खुलकर बोले आनंद मोहन 

    नि:शुल्क कराया जाएगा भ्रमण 

    तेजप्रताप ने आगे कहा कि उस दौरान उन्होंने इस बात की घोषणा कर दी थी कि बच्चों को नि:शुल्क भ्रमण कराया जाएगा। चिड़ियाघर प्रशासन बच्चों को राजगीर ले जाने और पटना वापस लाने का खर्च उठाएगी। नाश्ता और भोजन भी निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।

    तेज प्रताप यादव ने रवाना होते हुए कहा कि वह बच्चों के संग मस्ती के साथ भ्रमण करेंगे। बच्चे ही भविष्य हैं। ये जागरूक रहेंगे तो पर्यावरण का संरक्षण होगा।

    यह भी पढ़ें- ठाकुर विवाद पर लालू यादव ने तोड़ी चुप्पी, बिना नाम लिए आनंद मोहन को दी नसीहत; मनोज झा के लिए कही ये बात

    इससे पहले पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के पारिस्थितिकी निदेशक सुरेंद्र सिंह ने संजय गांधी जैविक उद्यान के गेट संख्या दो से बच्चों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। बच्चों के साथ उद्यान निदेशक सत्यजीत कुमार भी राजगीर के लिए रवाना हुए।