Exclusive Interview: ‘सीएम पद खाली ही नहीं तो घोषणा की बात क्यों? : संजय झा
जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि 2025 का बिहार विधानसभा चुनाव का नीतीश कुमार के लिए सबसे बड़ा चुनाव होने जा रहा है। लोगों का उन पर अटूट विश्वास है। उन्होंने यह भी कहा कि एनडीए के संकल्प पत्र में नीतीश कुमार के सभी विजन शामिल हैं, और इस बार डबल इंजन की सरकार का असर साफ़ दिखेगा।

जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा
जागरण संवाददाता, पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए 70 से अधिक चुनावी सभाओं में लोगों के मिजाज को भांप चुके हैं।
वह कहते हैं कि लोगों का नीतीश कुमार के प्रति जिस तरह का विश्वास दिख रहा उसे समझ कर यह लगता है कि 2025 का यह विधानसभा चुनाव नीतीश कुमार के लिए सबसे बड़ा चुनाव होने जा रहा।
संजय झा की मानें तो वर्ष 2010 से भी बेहतर स्थिति रहेगी एनडीए की इस बार विपक्ष के लोग लगातार एनडीए के सीएम पद की बात करते हैं। भाजपा के दिग्गज तो यहां तक कह चुके हैं कि बिहार में सीएम पद की कोई वेकेंसी नहीं है। मुख्यमंत्री तो नीतीश कुमार हैं ही तो फिर घोषणा की क्या जरूरत? चुनाव से जुड़े कई सवालों पर संजय झा से बात की जागरण के विशेष संवाददाता भुवनेश्वर वात्स्यायन ने।
सवाल- नीतीश कुमार के साथ आप लगातार चुनावी सभाओं में घूम रहे हैं, किस तरह का ट्रेंड दिख रहा है?
उत्तर- कई जगहों पर नामांकन से लेकर 70 से अधिक चुनावी सभाओं में वह नीतीश कुमार के साथ रहे हैं। इस बार तो कमाल का उत्साह है।
बारिश की वजह से नीतीश कुमार ने हेलीकाप्टर की जगह सड़क मार्ग से दो दिनों में लगभग 700 किमी की यात्रा की। उन्होंने रोड-शो किया और लोगों से बात भी की।
लोगों ने जिस उत्साह के साथ नीतीश कुमार को लिया उसे देखकर यह लगता है कि इस बार का विधानसभा चुनाव नीतीश कुमार के लिए पीक का चुनाव है। लोगों का विश्वास बड़े स्तर पर दिख रहा है।
सवाल- चुनावी सभाओं में भीड़ तो आ जाती है पर नीतीश कुमार की सभा में ऐसा क्या है जो खास दिखता है?
उत्तर- चुनावी सभाओं की भीड़ का अनुभव हमें खूब रहा है। पर इस बार नीतीश कुमार को लिया चुनावी सभा में खास यह है कि लोग खुद को उनसे कनेक्ट कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की राजनीतिक साख स्पष्ट तौर पर दिख रही है। लोगों को यह लगता है कि नीतीश कुमार ने चुनाव के पूर्व जो निर्णय लिए हैं उन्हें वह पूरा करेंगे।
यह उनकी साख रही है कि वह हवा-हवाई बात नहीं करते। यह भ्रम नहीं होना चाहिए कि वोटर से ज्यादा समझदार आप हैं। जनता सभी बातों को भली-भांति समझती है।
सवाल- नीतीश कुमार विगत दो दशकों से बिहार के मुख्यमंत्री पद पर हैं, क्या उन्हें एंटी-इनकंबेंसी फैक्टर प्रभावित नहीं करेगा?
उत्तर- देखिए, नीतीश कुमार की सबसे बड़ी यूएसपी उनके द्वारा किए गया काम और योजनाओं की डिलीवरी है। इसके माध्यम से वह हर वर्ग के लोगों के बीच लगातार रहे हैं। उन्होंने यह तो स्थापित कर ही दिया है कि बिहारी कहलाना अब अपमान नहीं सम्मान का विषय है। हम अगले पांच साल में एक करोड़ लोगों को रोजगार व नौकरी दिए जाने की बात कह रहे। उद्योगों की भी बात हो रही।
महिलाओं को दस हजार रुपये रोजगार के लिए दिए गए हैं। विपक्ष इस बारे में झूठ भी फैला रहा है। यह सही है कि लोगों की अपेक्षा अधिक रहती है, पर नीतीश कुमार के लिए यह प्रो-इनकंबेंसी फैक्टर है। लोगों को आज भी यह भरोसा है कि नीतीश कुमार ही उनके लिए, जो करना है वो करेंगे। लोग नीतीश कुमार को आदर के साथ देखते हैं।
सवाल- एनडीए के संकल्प पत्र में नीतीश कुमार का विजन कहां है?
उत्तर- एनडीए के संकल्प पत्र में नीतीश कुमार के सभी विजन हैं। दलित, अति-पिछड़ा, महिला, नई तकनीक और आधारभूत संरचना की बातें विशेष रूप से है।
सवाल- इस बार के विधानसभा चुनाव में जदयू को आप कहां देख रहे?
उत्तर- जदयू को इस बार 2020 से बेहतर प्रदर्शन पर हम देख रहे। संख्या पर कोई बात नहीं कर सकते। लोग जदयू के नेता और उनकी नीतियों पर भरोसा करते हैं। अगली सरकार उद्योग व युवाओं के लिए काम करेगी इस बात को लोग समझ रहे।
सवाल- चुनाव में डबल इंजन की सरकार का असर किस हद तक दिखेगा?
उत्तर- इस बार के विधानसभा चुनाव में डबल इंजन की सरकार का असर खूब दिखेगा। दरअसल यह चुनाव अगले पांच साल के लिए सरकार बनाने का नहीं है। इस चुनाव से बिहार के अगले 25 वर्षों का भविष्य तय होगा।
सवाल- जदयू ने बड़ी संख्या में अपने पुराने प्रत्याशियों के टिकट काटे हैं, इसका असर तो दिखेगा?
उत्तर- हमने जिन नए प्रत्याशियों को टिकट दिया है उनका प्रोफाइल देखिए। वारिसनगर, इस्लामपुर और चेरिया बरियारपुर के प्रत्याशी काफी पढ़े-लिखे हैं। युवाओं को आगे लाया गया है।
हर चुनाव को ध्यान में रख पार्टी अपना मूल्यांकन करती है। जो फीडबैक मिलता है उसके आधार पर निर्णय लिए जाते हैं। हरेक समाज व वर्ग के लोगों को टिकट दिए गए हैं।
यही नहीं लंबी अवधि से चुनाव लड़ रहे लोगों का भी सम्मान किया गया है। अनुभवी व युवाओं का ब्लेंड है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।