Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    रसोई में फिर से लौट रहे पीतल-तांबे के पारंपरिक बर्तन, औषधीय गुणों से होते हैं भरपूर

    Updated: Sun, 26 Oct 2025 12:44 PM (IST)

    आजकल स्टील के बर्तनों के चलन में, आयुर्वेद हमें धातु के बर्तनों की ओर लौटने की प्रेरणा दे रहा है। सोने के बर्तन इम्युनिटी बढ़ाते हैं, चांदी पित्त के लिए अच्छी है, और मिट्टी के बर्तन सुरक्षित विकल्प हैं। तांबे के बर्तन गैस और कब्ज दूर करते हैं, जबकि पीतल रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है। कांसे और लोहे के भी अपने औषधीय गुण हैं। धातु के बर्तन स्वास्थ्य और परंपरा दोनों के लिए महत्वपूर्ण हैं।

    Hero Image

    औषधीय गुणों से होते हैं भरपूर धातु के बर्तन

    जागरण संवाददाता, पटना। वर्तमान समय में जहां स्टील, प्लास्टिक और कांच के बर्तनों का उपयोग बढ़ गया है, वहीं आयुर्वेद फिर से हमें हमारे पारंपरिक धातु बर्तनों की ओर लौटने की प्रेरणा दे रहा है। राजकीय आयुर्वेद कॉलेज के काय चिकित्सा (मेडिसीन) विभाग के वरीय प्राध्यापक डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्राचीन काल में राजा-महाराजा जिन सोने-चांदी के बर्तनों का उपयोग करते थे, वह केवल ऐश्वर्य का प्रतीक नहीं था, बल्कि स्वास्थ्य संरक्षण का एक माध्यम भी था।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उन्होंने कहा कि सोना शरीर की इम्युनिटी यानी रोग-प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में सहायक है। यह शरीर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है और मानसिक संतुलन बनाए रखता है।

    चांदी के बर्तन पित्त प्रवृत्ति वाले व्यक्तियों के लिए अत्यंत लाभकारी माने गए हैं। चांदी के बर्तनों में खाना खाने से शरीर में ठंडक बनी रहती है और यह त्वचा संबंधी रोगों से बचाव करता है।

    मिट्टी के बर्तनों का महत्व

    राजकीय आयुर्वेद कॉलेज के डॉ. रमण रंजन का कहना है कि मिट्टी के बर्तन आज भी सबसे सुरक्षित और प्राकृतिक विकल्प हैं। मिट्टी में बने भोजन में पृथ्वी तत्व का संचार होता है, जो हमें हमारी जड़ों से जोड़े रखता है। यह न केवल स्वाद को बढ़ाता है बल्कि भोजन को विषमुक्त भी बनाता है।

    तांबा और पीतल के बर्तनों के गुण

    आयुर्वेद में तांबे के बर्तन को विशेष स्थान दिया गया है। तांबे के बर्तन में रातभर रखा गया पानी सुबह खाली पेट पीना अत्यंत लाभदायक माना गया है। इससे गैस, अपच और कब्ज की समस्या दूर होती है।

    तांबे में एंटीमाइक्रोबियल गुण होते हैं, जो शरीर को संक्रमणों से बचाते हैं। पीतल के बर्तन में रखा पानी पीने से रोग-प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है और शरीर में ऊर्जा का संचार होता है। पीतल के बर्तन में पका भोजन पाचन तंत्र को दुरुस्त करता है और शरीर में स्फूर्ति लाता है।

    अन्य प्रमुख धातुएं और उनके औषधीय गुण

    कांसा : इसमें कषाय और तिक्त रस पाया जाता है। यह कफ और पित्त दोनों का नाशक होता है। कांसे के बर्तन में बना भोजन नेत्रों के लिए हितकर और पाचन तंत्र को संतुलित करने वाला माना जाता है। कांसा पाण्डु (एनीमिया) और कृमि रोग में भी लाभकारी होता है।

    लौह : लौह का सेवन शरीर में रक्त की वृद्धि करता है और यकृत, श्वास, उदररोग, आमवात, क्षय जैसे रोगों को दूर करता है। यह शरीर में बल और वीर्य बढ़ाता है।

    तांबा : तांबा घाव भरने, ज्वर, कास, श्वास, पीनस और कृमि रोगों के नाश में सहायक है। यह लेखन (वसा घटाने वाला) और लघु (हल्का पचने वाला) गुण रखता है।

    आयुर्वेद की दृष्टि से लाभकारी है धातु के बर्तन

    आयुर्वेद के अनुसार, भोजन केवल पेट भरने का साधन नहीं बल्कि औषधि का एक रूप है। जिस पात्र में भोजन तैयार किया जाए, उसका शरीर पर सीधा प्रभाव पड़ता है। आधुनिक युग में जहां जीवनशैली रोगों का खतरा बढ़ा रही है, वहीं धातु बर्तनों का पुनः उपयोग हमें न केवल स्वस्थ बना सकता है, बल्कि हमारी परंपराओं से भी जोड़े रख सकता है।

    विशेषज्ञों ने बताया कि यदि हम आधुनिकता के साथ परंपरा का समन्वय करें, तो आयुर्वेदिक ज्ञान हमें प्राकृतिक रूप से स्वस्थ जीवन जीने का मार्ग दिखा सकता है।