अलाव जलाने को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प, 5 लोग जेल भेजे गए
बिहार के पंडारक थाना क्षेत्र के ग्वाशा शेखपुरा गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। अलाव जलाने को लेकर शुरू हुए विवाद में लाठी-डंडे चले। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने फायरिंग की घटना से इनकार किया है।

5 लोग जेल भेजे गए
संवाद सहयोगी, बाढ़। पंडारक थाना क्षेत्र के ग्वाशा शेखपुरा गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई है। इस घटना में तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दोनों पक्षों की ओर से मामले में केस दर्ज कराया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
अलाव जलाने को लेकर विवाद
थानाध्यक्ष नवनीत कुमार राय ने जानकारी देते हुए बताया कि शाम के समय एक पक्ष के लोगों द्वारा अलाव जलाया गया था। इसी बीच दूसरे पक्ष के लोग वहां पहुंचे और दावा किया कि उक्त भूमि उनका है, और उन्होंने बिना अनुमति के अलाव जलाया है।
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया, जिससे लाठी, डंडे और मुक्कों से जमकर मारपीट हुई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जख्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया।
पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में छतीस कुमार, सुनील कुमार, मूलत केवट, गुड्डू कुमार और प्रह्लाद कुमार शामिल हैं। इन सभी को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि एक पक्ष के लोगों द्वारा फायरिंग का भी आरोप लगाया गया है, लेकिन घटना स्थल से कोई खोखा बरामद नहीं हुआ है। उन्होंने फायरिंग की घटना से इनकार किया है। विवादित भूमि को गैर मजरूआ भूमि बताया गया है, जिस पर दोनों पक्षों के बीच यह झड़प हुई।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।