Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Bihar Politics: 16 दिन में 1300 KM की यात्रा, क्या राहुल-खरगे और तेजस्वी के 'बम' बदल देंगे सत्ता का समीकरण?

    Updated: Mon, 01 Sep 2025 09:11 PM (IST)

    राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के नेतृत्व में वोटर अधिकार यात्रा पटना में समाप्त हुई। यात्रा में महंगाई बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा गया। विपक्षी दलों ने एकजुट होकर चुनावी बिगुल बजाया और भाजपा पर लोकतंत्र को खत्म करने का आरोप लगाया। खरगे ने मोदी सरकार पर हमला बोला जबकि तेजस्वी ने नीतीश सरकार को नकलची बताया।

    Hero Image
    क्या राहुल-खरगे और तेजस्वी के 'बम' बदल देंगे सत्ता का समीकरण। (जागरण)

    सुनील राज, पटना। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की अगुवाई में चली वोटर अधिकार यात्रा ने बिहार का राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है।

    सोमवार को गांधी से आंबेडकर मार्च के साथ पटना में यात्रा समाप्त हो गई। 17 अगस्त को सासाराम से शुरू यात्रा ने 16 दिनों और 13 सौ किमी की दूरी तय करते हुए एसआईआर के साथ महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को केंद्र में रखकर सत्ता के खिलाफ अपने आक्रामक तेवर से बता दिया कि विपक्ष को कमजोर समझना भूल होगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अब सवाल यह भी है कि क्या राहुल-खरगे और तेजस्वी की यह यात्रा आगामी विधानसभा चुनाव में सत्ता का समीकरण बदल देगा।

    सोमवार को यात्रा के समापन के लिए आयोजित कार्यक्रम के मंच पर देश के बड़े विपक्षी दलों ने शिरकत की और चुनावी हुंकार भरी।

    इन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि देश जब भी संकट में आया बिहार ने अपने ज्ञान, शक्ति और जज्बे से देश का मार्गदर्शन किया है। सत्ता पक्ष को चुनौती देते हुए विपक्ष ने कहा अब तक परमाणु बम फूटे थे अब हाइड्रोजन बम आ रहा है भाजपा तैयार हो जाए।

    जनता इस 'डबल इंजन की भ्रष्ट सरकार' को जड़ से उखाड़ फेंकेगी : खरगे

    कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पटना में वोटर अधिकार यात्रा के समापन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार 11 वर्षो से किस्तों में लोकतंत्र को खत्म करती जा रही है। उम्मीद है बिहार की जनता डबल इंजन की भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंकेगी।

    खरगे ने कहा कि 15 दिन तक चली इस यात्रा ने पूरे देश को जगा दिया। हालांकि, भाजपा ने रुकावट डालने की कोशिशें की। हमारे कांग्रेस ऑफिस पर हमला हुआ। लेकिन बिहार के लोगों ने यात्रा को पूरी तरह सफल बनाया।

    उन्होंने राहुल गांधी के कार्यो की सराहना की और कहा कि देश में जब भी कमजोर तबकों के अधिकारों पर संकट उत्पन्न हुआ राहुल गांधी ने जनता की आवाज बुलंद की।

    भाजपा पर हमलावर होते हुए खरगे ने कहा कि मोदी सरकार ने पहले देश की करोड़ों की दौलत अपने दोस्तों को बांट दी, पब्लिक सेक्टर बेच दिए और फिर उनकी धनशक्ति से विपक्षी सरकारें गिरा दीं।

    अब चोरी के बाद भाजपा डकैती पर उतर आई है। नीतीश कुमार के निर्णय की आलोचना करते हुए खरगे ने कहा कि नीतीश कुमार खुद हम लोगों के पास आए थे। लेकिन, वे डर कर पलट गए। उनमें अन्याय के खिलाफ लडऩे की ताकत नहीं। समाजवादी विचारधारा छोड़ कर वे आरएसएस की झोली में गिर गए।

    भाजपा के दो लोग मिलकर लोकतंत्र खत्म करना चाहते हैं : तेजस्वी

    विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने वोटर अधिकार यात्रा के समापन मंच से नीतीश कुमार की सरकार पर हमला बोला और उसे नकलची सरकार बताया। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि बिहार को नकलची नहीं ओरिजिनल सोच वाली सरकार चाहिए।

    उन्होंने अपनी घोषणाओं का हवाला दिया और कहा कि हमने जो कहा उसकी ही सरकार नकल कर रही है। पेंशन हो या बिजली बिल या फिर डोमिसाइल सरकार वे घोषणाएं ही लागू करती दिखी।

    उन्होंने भाजपा पर हमलावर होते हुए कहा कि भाजपा के दो लोग चुनाव आयोग के साथ मिलकर लोकतंत्र की जननी बिहार से लोकतंत्र को खत्म करना चाहते हैं। भीड़ से सवालिया अंदाज में पूछा, लोकतंत्र चाहिए या राजतंत्र? पीएम मोदी को निशाने पर लेते हुए कहा कि वे 11 वर्षो से प्रधानमंत्री हैं।

    बिहार से वोट मांगते हैं परंतु बिहार में उद्योग नहीं लगे। जबकि गुजरात में फैक्ट्रियां खोलते हैं। उन्होंने कहा कि यहां डबल इंजन की सरकार है लेकिन एक इंजन अपराध में और दूसरा भ्रष्टाचार में। भ्रष्टाचार को आरोप लगाए कि ग्रामीण विकास विभाग के इंजीनियरों के घरों से 100-100 करोड़ रुपये मिले।

    एक इंजीनियर ने करोड़ों रुपये जला दिए। उन्होंने नीतीश कुमार को नैतिक भ्रष्टाचार के भीष्म पितामह बताया। उन्होंने जांच एजेंसियों का हवाला दिया और कहा न तो लालू प्रसाद झुके थे न ही तेजस्वी झुकेगा। तेजस्वी ने नारा बुलंद कराया कि देश का भूत, मोदी का झूठ।

    यह भी पढ़ें-

    Rahul Gandhi On Modi: 'मैं आपको गारंटी देकर कह रहा हूं...', पीएम मोदी को लेकर ये क्या बोल गए राहुल गांधी

    comedy show banner