Bihar News: सासाराम रेलवे स्टेशन को 25.13 करोड़ की कमाई, RTI खुलासे के बाद उठी सुविधा बढ़ाने की मांग
बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन ने आरटीआई खुलासे के अनुसार 25.13 करोड़ रुपये की कमाई की है। इसके बाद, यात्रियों और स्थानीय लोगों ने स्टेशन पर सुविधाओं को बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि स्टेशन पर साफ-सफाई, प्रतीक्षालय और ट्रेनों की जानकारी जैसी बुनियादी सुविधाओं में सुधार होना चाहिए। रेलवे विभाग से इस दिशा में ध्यान देने का आग्रह किया गया है।

सासाराम रेलवे स्टेशन। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, सासाराम (रोहतास)। चालू वित्तीय वर्ष के पिछले छह माह में सासाराम स्टेशन से रेलवे को यात्री किराया से 25.13 करोड़ से अधिक रुपये का राजस्व मिला है। डीडीयू रेल मंडल में डेहरी आनसोन से 23.46 करोड़, अनुग्रह नारायण रोड से 18.07 करोड़ तथा भभुआ रोड स्टेशन से 11.63 करोड़ रुपये का राजस्व यात्री किराया से विभाग को मिला है।
यह राजस्व सिर्फ काउंटर से बिक्री हुई टिकट से प्राप्त हुआ है। माल ढुलाई से प्राप्त आमदनी को इसमें शामिल नहीं किया गया है। फिलहाल यात्री किराया से प्राप्त राजस्व मामले में सासाराम मंडल में तीसरे स्थान पर है।
सासाराम रेलफैन के सदस्य व आरटीआइ कार्यकर्ता श्याम सुंदर पासवान की ओर से सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत चालू वित्तीय वर्ष के गत दो माह अगस्त व सितंबर के राजस्व की मांगी गई जानकारी में डीडीयू रेल डिवीजन के लोक सूचना पदाधिकारी ने बताया कि सिर्फ दो माह में सासाराम जंक्शन से 9.86 करोड़ से अधिक रुपये यात्री किराया से विभाग को प्राप्त हुआ है।
चालू वित्तीय वर्ष के गत छह माह की बात करें तो राजस्व प्राप्ति का आंकड़ा 25.13 करोड़ से भी अधिक रुपये है। आरटीआइ कार्यकर्ता ने सासाराम के अलावा डेहरी आनसोन, अनुग्रह नारायण रोड व भभुआ रोड स्टेशन से यात्री किराया से प्राप्त राजस्व की जानकारी मांगी थी, जिसमें मंडल के पीआइओ ने जानकारी उपलब्ध कराई है।
स्टेशन की महत्ता को देखते हुए यात्रियों को जितनी सुविधाएं मिलनी चाहिए फिलहाल नहीं मिल रही हैं। यहां पर पर्यटक सहायता केंद्र व राजधानी एक्सप्रेस जैसे महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध होना यात्री हित में आवश्यक है।
प्राप्त राजस्व को देखते हुए ऐतिहासिक व पर्यटक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माने जाने वाले सासाराम जंक्शन पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने की आवाज भी उठने लगी है।
सामाजिक कार्यकर्ता शिवम पांडेय, जयप्रकाश नारायण गुप्ता, काशिफ कमाल, ऋतुराज, रौशन कुशवाहा, शिवम सिंह, प्रिंस सिंह, सुधांशु राज, प्रेम शंकर समेत सासाराम रेलफैन एसोसिएशन के अन्य सदस्यों ने कहा कि सासाराम जिला मुख्यालय व संसदीय क्षेत्र के साथ-साथ पर्यटन व ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्टेशन के रूप में जाना जाता है।
काफी संख्या में यात्री शेरशाह मकबरा, गुप्ताधाम, चाचा फगुमल गुरुद्वारा, ताराचंडी धाम, पायलट बाबा धाम, तुतला भवानी धाम, रोहतासगढ़ किला, मां याक्षिणी धाम, दुर्गावती जलाशय, इंद्रपुरी जलाशय, मांझर कुंड, धुआ कुंड, पूर्वोत्तर ज्योर्तिलिंग सोमनाथ शिव मंदिर, शेरगढ़ किला, सीता कुंड, सम्राट अशोक लघु शिलालेख समेत अन्य ऐतिहासिक स्थलों को देखने जाते हैं।
पिछले छह माह में प्राप्त राजस्व
| स्टेशन | राजस्व (करोड़ रुपये में) |
|---|---|
| सासाराम जंक्शन | 25.14 |
| डेहरि ऑन सोन | 23.46 |
| अनुग्रह नारायण रोड | 18.08 |
| भभुआ रोड | 11.63 |
| कुल | 78.31 |
वंदे भारत ट्रेन में 33 हजार यात्रियों ने की यात्रा
सासाराम: सासाराम के रास्ते वाराणसी तक चलने वाली दो जोड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस में एक वर्ष के दौरान सासाराम जंक्शन से 33 हजार से अधिक यात्रियों ने यात्रा की है। इसकी जानकारी आरटीआइ कार्यकर्ता काशिफ कमाल द्वारा मांगी गई सूचना में लोक सूचना पदाधिकारी ने दी है।
आरटीआइ कार्यकर्ता ने रांची-वाराणसी व देवघर-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस में 12 सितंबर 2024 से 10 सितंबर 2025 तक सासाराम जंक्शन से यात्रा करने वाले यात्रियों व उससे प्राप्त राजस्व की जानकारी मांगी थी।
डीडीयू रेल डिवीजन के पीआरओ ने बताया है कि रांची-वाराणसी तथा देवघर-वाराणसी वंदे भारत ट्रेन से उक्त अवधि के दौरान 33617 यात्रियों ने यात्रा की है, जिससे 47317083 रुपये राजस्व की प्राप्ति हुई है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।