Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Bihar News: हत्या या आत्महत्या? समस्तीपुर में फंदे से लटका मिला प्रेमी जोड़े का शव

    Updated: Sat, 08 Nov 2025 10:20 AM (IST)

    समस्तीपुर में एक युगल का शव फंदे से लटका मिला, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना आत्महत्या है या कुछ और, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी संभावित कोणों से मामले की जांच कर रही है।

    Hero Image

    समस्तीपुर में फंदे से लटका मिला कपल का शव। फोटो जागरण

    जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र के महिसारी वार्ड आठ में शनिवार की अल सुबह ग्रामीण सड़क पर एक सुनसान जगह पर तूइन के पेड़ से एक प्रेमी युगल का शव लटकता मिला। इसकी जानकारी होते ही इलाके में सनसनी फैल गई।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    युगल की पहचान प्रखंड के सीमावर्ती क्षेत्र विभूतिपुर थाना के केराई गांव के वार्ड 11 के स्व अच्छेलाल सिंह के पुत्र पंकज कुमार उर्फ अभिषेक (18) और उसी गांव के वार्ड 4 के स्व अमरेश सिंह की पुत्री प्रीति कुमारी उर्फ दीपा के रूप में हुई। दोनों अपने घर से गायब थे।

    लड़की जहां गुरुवार की देर रात गायब हुई। वहीं, युवक के स्वजनों ने बताया कि उसका पुत्र शुक्रवार की शाम से लापता था। बताया गया कि सुबह टहलने गए लोगों ने दोनों शव को पेड़ से लटकता देखा।

    हल्ला होने पर अन्य ग्रामीण भी जुट गए। देखते-देखते स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सूचना पर उजियारपुर थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक अजित प्रसाद, एसआई ममता साह दलबल समेत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की।

    दोनों के शव एक ही ओढ़नी के फंदे से पेड़ के सहारे लटका रहे थे। ओढ़नी की एक छोर लड़के के गले में बंधी हुई थी, जबकि दूसरा छोड़ लड़की के गले था। दोनों एक दूसरे की तरफ आमने-सामने लटक रहे थे। पुलिस को युवती के जेब से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। साथ ही सोना और चांदी के जेवरात और नगदी मिली है।

    पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतार पोस्टमार्टम में भेजने की प्रक्रिया में जुट गई। दोनों का घर घटनास्थल से करीब चार किलोमीटर की दूरी पर है। दोनों एक ही पंचायत के दो छोर के रहने वाले है। लड़की का घर जहां पंचायत के वार्ड 4 सरपत्ती टोला में है।

    यह पंचायत का पश्चिमी उत्तर का छोर पड़ता है। वहीं लड़का का घर पूर्व दक्षिण के छोर पर वार्ड 11 के मजकोठी टोला में पड़ता है। दोनों के घर के बीच की दूरी तीन किलोमीटर की होगी। बताया गया कि दोनों गांव के बीच में एक पीपल पेड़ के नीचे केराई दलसिंहसराय मुख्य पथ पर लड़की के चाचा ने एक दुकान खोल रखी है।

    उसी दुकान की वजह से दोनों एक दूसरे के संपर्क में आए। उक्त दुकान पर लड़के का भी आना जाना रहता था। थानाध्यक्ष ने कहा कि प्रथमदृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है। घटनास्थल से मोबाइल बरामद किया गया है। जांच के बाद ही सही वजह स्पष्ट होगी।

    सात भाई और दो बहन में सबसे छोटा था अभिषेक

    मृतक अभिषेक सात भाई और दो बहनों में सबसे छोटा था। कुछ साल पहले ही उसके पिता की मौत हो गई। घर में उसकी मां के अलावा उसके भाई और भौजाई है। सभी भाई खेती-बाड़ी के साथ ही मजदूरी आदि करते हैं। अभिषेक ने भी सातवीं की पढ़ाई करने बाद में खेती-बाड़ी के काम में जुट गया।

    वह भी खेत खलिहानों के काम के साथ ही मजदूरी किया करता था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने और पिता के नहीं होने से भाइयों का कुछ अधिक ध्यान नहीं रहता था। वह दिन-दिनभर इधर-उधर ही रहता। मां राज कुमारी रोते-बिलखते कह रही थी कि उसके पुत्र की हत्या की गई है।

    वह शुक्रवार की शाम से लापता था। कुछ लोग उसकी तलाश करते घर भी पहुंचे थे, लेकिन वह यहां नहीं था। भाइयों को जब यह बात पता चली तो उन्होंने ने भी उसकी खोज शुरू की। सभी देर रात तक उसे ढूंढ रहे थे।

    ननिहाल में भी खोजा गया, लेकिन कुछ पता नहीं चला। सुबह उसके शव मिलने की सूचना मिली। उन्होंने कहा कि उनके पुत्र की हत्या की गई है।

    दो भाइयों में मंझली थी दीपा

    किशोरी दीपा के पिता की पांच वर्ष पूर्व ही मौत हो चुकी है, जबकि उसकी मां पिता के मौत से पहले ही किसी अन्य व्यक्ति के साथ फरार हो गई थी। दीपा के परिवार में उसका बड़ा भाई दीपक और उससे छोटा संदीप है। दीपा और संदीप यहां अपने चाचा रंधीर सिंह के परिवार के साथ रहते हैं, जबकि उसके अन्य चाचा हरियाणा में रहकर मजदूरी करते है।

    रंधीर भी पहले हरियाणा में रहता था। कुछ महीने पूर्व ही सभी यहां लौटे थे। इसके बाद में उक्त जगह दुकान खोली थी। रंधीर की पत्नी गुड़िया देवी का कहना है कि उसकी भतीजी गुरुवार की रात एक मुंडन का भोज खाने बाद में गायब हो गई। उसकी खोजबीन के दौरान उक्त युवक का पता लगा।

    उसके घर भी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। सरपंच आदि को जानकारी दी। पुलिस से आज शिकायत करने जाने वाले थे। इसी बीच शव बरामद होने की जानकारी मिली।

    फोन में वर माला पहने फोटो मिला

    दोनों के बीच प्रेम प्रसंग का पर्दाफाश तब हुआ, जब बरामद फोन से दोनों का एक फोटो मिला। इसमें दोनों एक-दूसरे को वरमाला डाले नजर आ रहे। फोटो सामने आने बाद में दोनों के बीच की प्रेम जगजाहिर हो गई।

    बताया गया कि दुकान पर बैठने के दौरान ही दोनों के बीच रिश्ते की शुरुआत हुई। दोनों ने एक-दूसरे के संग जीने मरने की कसम खायी।