Samamstipur Election Result: समस्तीपुर की पहली महिला विधायक बनीं अश्वमेध देवी, राजद के गढ़ को किया ध्वस्त
Samastipur Assembly Election में अश्वमेध देवी पहली महिला विधायक बनी हैं, जिससे उन्होंने इतिहास रच दिया है। उनकी इस जीत से क्षेत्र में खुशी की लहर है। उन्होंने राजद के अख्तरूल इस्लाम शाहीन को 13 हजार 875 मतों से पराजित किया।

समस्तीपुर की पहली महिला विधायक। फोटो जागरण
प्रकाश कुमार, समस्तीपुर। समस्तीपुर विधानसभा से जदयू की अश्वमेध देवी पहली महिला विधायक बनी। इस सीट पर हैट्रिक लगाने वाले राजद विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन चौका नहीं लगा सके। आजादी के दशकों बाद आधी आबादी को पहली बार प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला।
समस्तीपुर विधानसभा सीट पर राजद और जदयू के बीच कांटे की टक्कर हुई। जदयू की अश्वमेध देवी ने राजद के अख्तरूल इस्लाम शाहीन को 13 हजार 875 मतों से पराजित किया। समस्तीपुर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी से निर्वाचन प्रमाण पत्र प्राप्त किया।
अश्वमेध देवी ने 95 हजार 728 मत प्राप्त किए जबकि, शाहीन को 81 हजार 853 मत मिले। यहां पर 4527 मतदाता ने नोटा दबाया। निर्दल प्रत्याशी चेतना झांब ने 6193, जन सुराज पार्टी के मनोज कुमार सिंह ने 4938, आम आदमी पार्टी के राजन कुमार ने 1715, द प्लुरल्स पार्टी के शिवम कुमार राज ने 939, भारतीय संपूर्ण क्रांतिकारी पार्टी के नितेश कुमार सिन्हा ने 684, बहुजन समाज पार्टी के विनय कुमार राम ने 591, सोशियलिस्ट यूनिटी सेंटर आफ इंडिया के राकेश कुमार ने 492, राष्ट्रीय जनसंभावना पार्टी के दिनेश कुमार राय ने 432, आदर्श मिथिला पार्टी के प्रेमजीत कुमार ने 431, अपना किसान पार्टी के इरसाद अहमद ने 342 मत प्राप्त किया।
आठवें राउंड तक लगातार बनी रही बढ़त
समस्तीपुर विधानसभा सीट पर आरंभ से ही जदयू प्रत्याशी बढ़त बनाती रही। पहले राउंड में अश्वमेध को 5288 तो शाहीन को 2255 मत मिला। इसके साथ ही लगातार आठवें राउंड तक बढ़त बनाए रखी। इससे अश्वमेध ने 18 हजार 87 मत से बढ़त बना ली।
नौवें राउंड में शाहीन ने बढ़त बना ली लेकिन यह सिलसिला अधिक देर तक नहीं चला। फिर 17 व 18 राउंड में राजद का आंकड़ा बढ़ने लगा लेकिन, अंतिम राउंड में जदयू का आंकड़ा बढ़ने से बढ़त बरकरार रहा।
भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर ने भी किया था प्रतिनिधित्व
बिहार की राजनीति में समस्तीपुर विधानसभा का अहम किरदार रहा है। राज्य के मुख्यमंत्री रहे महान समाजवादी नेता भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर ने 1980 से 1985 तक इस सीट का प्रतिनिधित्व किया। समस्तीपुर विधानसभा की स्थापना 1957 में हुई थी। यहां अभी तक कुल 19 चुनाव हुए। इसमें 2005 में दो बार चुनाव भी शामिल है। यहां से एक बार भी महिला प्रत्याशी को जीत नहीं मिली है।
मतगणना से पहले अश्वमेघ ने मंदिर में की पूजा
कई उम्मीदवारों ने सुबह में मंदिर जाकर पूजा-अर्चना की और अपनी जीत का आशीर्वाद लिया। मंदिर में हाजिरी लगाने के बाद मतगणना केंद्र के लिए निकले। गलियों में बने छोटे-छोटे मंदिरों में मत्था टेका। वरिष्ठों-बुजुर्गों से सिर पर हाथ रखवाकर अपनी जीत का आशीर्वाद लिया। जदयू की प्रत्याशी अश्वमेध देवी ने शुक्रवार की सुबह मन्नीपुर दुर्गा मंदिर में पूजा अर्चना की।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।