सारण में बोरी में बंद मिला 30 वर्षीय महिला का शव, आर्केस्ट्रा कर्मी होने का शक
सारण जिले के मकेर में एक 30 वर्षीय महिला का शव बोरी में बंद मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। शव बाघाकोल पंचायत के पास एक गड्ढे में पाया गया। महिला की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि महिला आर्केस्ट्रा कर्मी हो सकती है।

बोरी में बंद मिला 30 वर्षीय महिला का शव
संवाद सूत्र,मकेर (सारण)। सारण जिले के मकेर थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक महिला का शव बोरी में बंद अवस्था में बरामद हुआ। शव बाघाकोल पंचायत के डीही सिरोमन गांव स्थित शंकरजी स्थान के पास बांध के नीचे बने पानी भरे गड्ढे से मिला। मृतका की उम्र लगभग 30 वर्ष बताई जा रही है।
सुबह करीब सात बजे ग्रामीण शौच के लिए बांध किनारे गए थे। इसी दौरान एक व्यक्ति की नजर गड्ढे में पड़े बोरी पर पड़ी। बोरा संदिग्ध लगने पर जब लोगों ने पास जाकर देखा तो उसके अंदर महिला का शव दिखाई दिया।
यह दृश्य देखते ही लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया।कुछ ही देर में यह खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते सैकड़ों लोग घटनास्थल पर जुट गए। शव की पहचान करने की कोशिश की गई, लेकिन महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी।
स्थानीय जनप्रतिनिधि पहुंचे स्थल पर
घटना की जानकारी मिलते ही बाघाकोल पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि व भाजपा मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार सिंह, सरपंच हरेंद्र राय और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति की जानकारी लेकर तुरंत मकेर थाना पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने किया शव बरामद, जांच शुरू
सूचना मिलते ही मकेर थानाध्यक्ष एसआई रामनिवास कुमार, पुलिस पदाधिकारी और जवानों की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया।थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका नीली टी-शर्ट और जींस पहने हुई थी। प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि महिला की हत्या कर शव को बोरे में बंद कर पानी भरे गड्ढे में फेंका गया है।
पहचान की कोशिश जारी
पुलिस आसपास के थानों में लापता महिलाओं की जानकारी खंगाल रही है ताकि मृतका की पहचान की जा सके। ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है कि क्या किसी बाहरी महिला को हाल के दिनों में इलाके में देखा गया था।
आर्केस्ट्रा कर्मी हो सकती है महिला
थानाध्यक्ष पप्पू कुमार ने बताया कि शव के वस्त्र और रूप-रंग से यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि महिला संभवतः किसी आर्केस्ट्रा दल में काम करती थी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हत्या कहां की गई और शव यहां कैसे पहुंचा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों और हत्या की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल अज्ञात हत्यारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। ग्रामीणों ने मांग की है कि घटना की पूरी जांच कर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।