Bihar Election: शेखपुरा में ग्रामीण महिलाओं ने शहरी को पीछे छोड़ा, वोटिंग में पुरुषों से भी निकल गईं आगे
बिहार के शेखपुरा जिले में मतदान के दौरान ग्रामीण महिलाओं ने शहरी महिलाओं को पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने पुरुषों से भी अधिक मतदान किया, जो एक महत्वपूर्ण बदलाव दर्शाता है। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी लोकतंत्र के लिए एक सकारात्मक संकेत है।

शेखपुरा में ग्रामीण महिलाओं ने मारी बाजी। फोटो जागरण
अरुण साथी, शेखपुरा। विधानसभा चुनाव में महिलाओं ने कई स्थानों पर पुरुषों को पीछे छोड़ते हुए मतदान में अधिक भागीदारी दिखाई। शेखपुरा जिले में पुरुषों की तुलना में महिलाओं की संख्या कम है। यहां एक हजार पुरुषों पर केवल 918 महिलाएं हैं।
महिलाओं के अधिक मतदान करने वाले कई केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं। इससे स्पष्ट है कि गांव की महिलाओं ने शहरी महिलाओं को मतदान में पीछे छोड़ दिया है।
बरबीघा विधानसभा के आंकड़ों के विश्लेषण से यह तथ्य सामने आया है कि किसी भी शहरी बूथ पर महिलाओं का मतदान प्रतिशत पुरुषों से अधिक नहीं है। यहां लगभग तीन प्रतिशत पुरुषों ने महिलाओं से अधिक मत डाले हैं।
निवर्तमान बरबीघा विधायक के गांव हथियामा की महिलाओं ने सबसे अधिक 125 मत पुरुषों से अधिक डाले। यहां कुल 577 मत पड़े। इसी प्रकार, शेखोपुरडीह में 123 महिलाओं ने भी पुरुषों से अधिक मतदान किया।
मटोखार गांव की महिलाओं ने पुरुषों से 63 मत अधिक डाले, जबकि बरबीघा के कल्याणपुर बूथ संख्या दो पर 58 महिलाओं ने पुरुषों से अधिक मतदान किया। तेउस गांव के बूथ पर 44 और कबीरपुर गांव में 57 महिलाओं ने पुरुषों के मुकाबले अधिक मतदान किया।
उखदी गांव में 73, अंबारी में 9, और छेमा में 34 महिलाओं ने भी पुरुषों से अधिक मतदान किया। योधनबीघा में 12, चरुंआवां में 10 और अन्य केंद्रों पर 20 महिलाओं ने पुरुषों से अधिक मतदान किया। शेखपुरा प्रखंड के पुरनकामा में 29, माटोखार में 63, कारे में 24, और कारे के दूसरे बूथ पर 34 महिलाओं ने अधिक मतदान किया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।