शेखपुरा में तालाब में डूबने से दो की मौत, स्नान के दौरान हुआ हादसा, परिजन का बुरा हाल
राज कुमार अपने गांव के पास कुत्तू चक स्थित एक अहरा (तालाब) में स्नान करने गया था। हाल ही में खुदवाए गए इस अहरा की गहराई अधिक और डूबने लगा। राज को डूबता देख वहां मौजूद रोशन कुमार उसे बचाने के लिए तालाब में कूद पड़ा लेकिन दुर्भाग्यवश वह भी गहराई में फंस गया और डूब गया।

जागरण संवाददाता, शेखपुरा। शेखपुरा थाना क्षेत्र के डोबा डीह गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में एक किशोर और एक युवक की तालाब में डूबकर मौत हो गई। मृतकों की पहचान 12 वर्षीय राज कुमार, पिता मनोज प्रसाद और 19 वर्षीय रोशन कुमार, पिता प्रमोद प्रसाद के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, राज कुमार अपने गांव के पास कुत्तू चक स्थित एक अहरा (तालाब) में स्नान करने गया था। हाल ही में खुदवाए गए इस अहरा की गहराई अधिक थी, जिससे राज गहराई में चला गया और डूबने लगा। राज को डूबता देख वहां मौजूद रोशन कुमार उसे बचाने के लिए तालाब में कूद पड़ा, लेकिन दुर्भाग्यवश वह भी गहराई में फंस गया और डूब गया।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया। रोशन को गंभीर हालत में बरबीघा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राज की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय प्रशासन को घटना की जानकारी दे दी गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।