Bihar Election 2025: सीतामढ़ी में निर्दलीय प्रत्याशी महेंद्र सिंह यादव गिरफ्तार, समर्थकों ने किया जमकर हंगामा
सीतामढ़ी में बिहार चुनाव 2025 के निर्दलीय प्रत्याशी महेंद्र सिंह यादव को गिरफ्तार किया गया, जिसके बाद उनके समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया। गिरफ्तारी के कारण समर्थकों में आक्रोश है और उन्होंने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है क्योंकि समर्थक यादव को रिहा करने की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले को शांत करने में जुटी है।
-1760826803118.webp)
निर्दलीय प्रत्याशी महेंद्र सिंह यादव गिरफ्तार, समर्थकों ने किया हंगामा। फोटो जागरण
संवाद सूत्र, सीतामढ़ी। बिहार विधानसभा चुनाव-2025 के दौरान सीतामढ़ी जिले के परिहार विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी महेंद्र सिंह यादव को शनिवार को सोनबरसा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गिरफ्तारी की खबर मिलते ही उनके समर्थक उग्र हो गए और समाहरणालय गेट पर जमकर हंगामा और नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस और समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
सूचना मिलते ही डुमरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को तितर-बितर किया। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई न्यायालय द्वारा जारी वारंट के आधार पर की गई है।
सोनबरसा थानाध्यक्ष ने बताया कि मुजौलिया गांव में पेट्रोल पंप के कर्मी से छह माह पूर्व महेंद्र सिंह यादव ने मारपीट की थी। जिसमें पेट्रोल पंप के कर्मी द्वारा महेंद्र सिंह यादव पर सोनबरसा थाने में कांड संख्या 140/25 दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद से वह फरार चल रहे थे।
यह भी पढ़ें- कार, टेंपो और लाखों रुपए के जमीन की मालकिन, उपेंद्र कुशवाहा से भी अमीर हैं पत्नी स्नेहलता, जानें नेटवर्थ
पुलिस को सूचना मिली थी कि महेंद्र सिंह यादव आज अपना नामांकन दाखिल करने के लिए समाहरणालय पहुंचने वाले हैं,सूचना पर पहुंची पुलिस ने नामांकन के बाद निकलते ही महेंद्र सिंह यादव को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, महेन्द्र सिंह यादव पूर्व में हत्या के मामले में भी जेल जा चुके हैं। गौरतलब है कि महेंद्र सिंह यादव की पत्नी धनहारा पंचायत की मुखिया हैं, जबकि यादव स्वयं दो बार जिला परिषद सदस्य रह चुके हैं। उनके समर्थकों ने गिरफ्तारी को राजनीतिक साजिश बताया है और रिहाई की मांग की है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।