सीतामढ़ी में छठ घाट बनाने के क्रम में पांच डूबे, दो भाइयों की मौत, चचेरा भाई लापता
सीतामढ़ी के सुप्पी थाना क्षेत्र में बागमती नदी के अख्ता घाट पर छठ घाट बनाने गए पांच लोग डूब गए। इनमें से दो किशोरों की मौत हो गई, जबकि एक युवक लापता है। एक युवक और एक किशोर को सुरक्षित बचाया गया है। मृतकों की पहचान साहिल और धनंजय उपाध्याय के रूप में हुई है, जो सगे भाई थे। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लापता युवक की तलाश कर रही है।

सीतामढ़ी में बागमती नदी के अख्ता घाट पर जुटी ग्रामीणों की भीड़। जागरण
संवाद सूत्र, सुप्पी (सीतामढ़ी)। Bihar News: सुप्पी थाना क्षेत्र अंतर्गत बागमती नदी के अख्ता घाट पर शनिवार की दोपहर घाट बनाने गए दो युवक व तीन किशोर डूब गए। इनमें से एक युवक और एक किशोर को सुरक्षित निकाल लिया गया।
वहीं, डूबने से दो किशोर की मौत हो गई। जबकि एक युवक अभी लापता है। एसडीआरएफ की टीम तलाश में जुटी है। सभी अख्ता उतरी गांव के निवासी हैं।
जानकारी के अनुसार, अख्ता उतरी गांव से दो युवक और तीन किशोर छठ घाट बनाने बागमती नदी के अख्ता घाट गए थे। घाट बनाने के बाद स्नान करने के दौरान पांचों डूब गए।
इस घटना के बाद वहां अफरा-तफरी की स्थिति मच गई। स्थानीय मछुआरों की मदद से नदी की धार से एक युवक व एक किशोर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जबकि लापता तीन लोगों में से दो किशोर का शव निकाला गया। जबकि एक लापता युवक की तलाश जारी है। मृतकों में राजकिशोर उपाध्याय के पुत्र 17 वर्षीय साहिल उपाध्याय व 15 वर्षीय धनंजय उपाध्याय शामिल हैं। दोनो सहोदर भाई हैं।
जबकि मृतक का चचेरा भाई पियूष उपाध्याय (18) पिता हरिकिशोर उपाध्यायअभी लापता है। डूबने से बचाए गए 17 वर्षीय सोनू कुमार व 18 वर्षीय संतोष उपाध्याय पिता शुकल उपाध्याय है।
थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि पांच लोगों में से दो लोगों के जीवित स्थिति में निकाला गया है जिसे परिवार को सौंप दिया गया है।
वहीं, दो किशोर का शव बरामद किया गया है जिसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। जबकि लापता पियूष उपाध्याय की तलाश में एसडीआरएफ की टीम जुटी हुई है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।