Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'अपहरण का उद्योग चलाने वाले बिहार का क्या भला कर पाएंगे', चुनाव प्रचार के अंतिम दिन योगी ने भरी हुंकार

    Updated: Sun, 09 Nov 2025 05:13 PM (IST)

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छातापुर में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में फिर से सुशासन की सरकार बनेगी। उन्होंने राजद और कांग्रेस पर जंगलराज का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके शासनकाल में बिहार का विकास रुक गया था। योगी ने मोदी सरकार की उपलब्धियों और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का भी उल्लेख किया।

    Hero Image

    मंच से अभिवादन करते सीएम योगी, भाजपा प्रत्याशी व अन्य। (जागरण)

    संवाद सूत्र, छातापुर (सुपौल)। छातापुर विधानसभा क्षेत्र के भीमपुर में रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिंह बबलू के पक्ष में आयोजित जनसभा को संबोधित किया।

    योगी ने कहा कि मैं आज प्रातः ही प्रभु श्रीराम के चरणों में प्रणाम कर अयोध्या से यहां पहुंचा हूं। उन्होंने उपस्थित जनसमूह के उत्साह को देखकर कहा मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि जब बिहार विधानसभा के मतदान का परिणाम आएगा तो फिर एक बार सुशासन की सरकार का शंखनाद छातापुर के साथ पूरे बिहार में होगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जिन लोगों ने नौकरी के बदले लोगों की जमीन हड़प ली, पशुओं का चारा खा लिया वे आज बड़े-बड़े वादे कर रहे हैं। 1990 से 2005 तक हत्या, लूट, बलात्कार, अपहरण का उद्योग चलाने वाले बिहार का क्या भला कर पाएंगे।

    उन्होंने बिहार की गौरवशाली ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि याद करिए यह वही बिहार है जिसने महात्मा बुद्ध को ज्ञान प्रदान किया। यही धरा भारत को स्वर्ण युग देने वाली है। भगवान महावीर का जन्म यहीं हुआ था।

    'क्या हुआ कि बिहार जंगलराज से जाना जाने लगा'

    देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद, लोकनायक जयप्रकाश नारायण, जननायक कर्पूरी ठाकुर जैसे महामानव इसी पावन धरती में जन्मे। छठ गीतों के माध्यम से मैथिली-भोजपुरी संस्कृति को वैश्विक पहचान देने वाली शारदा सिन्हा भी इसी क्षेत्र की उपज हैं।

    आर्यभट्ट जैसा महान खगोलशास्त्री, चाणक्य और चंद्रगुप्त मौर्य की जोड़ी भी बिहार ने ही दी। फिर ऐसा क्या हुआ कि बिहार जंगलराज के नाम से जाना जाने लगा। उन्होंने कांग्रेस और राजद पर निशाना साधते हुए कहा अगर इस पाप का दोषी कोई है तो वह केवल कांग्रेस और राजद है।

    नालंदा जैसा विश्वविद्यालय देने वाला बिहार इनके शासनकाल में साक्षरता में सबसे नीचे चला गया। जंगलराज, परिवारवाद और जातीय तनाव ने बिहार की पहचान संकट में डाल दी, नौजवानों को पलायन करने पर मजबूर कर दिया। गरीब भूखे मरते रहे और खजाने का पैसा लूटता रहा।

    20 सालों में बिहार में सुशासन की मजबूत नींव रखी गई

    योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिन लोगों ने चारा तक खा लिया हो, वे आज विकास और रोजगार की बात कर रहे हैं। योगी ने मोदी सरकार की उपलब्धि गिनाते कहा कि बीते 20 वर्षों में बिहार में सुशासन की मजबूत नींव रखी गई है।

    आज बिहार में सड़क, बिजली, पानी, रेलवे कनेक्टिविटी, एयर कनेक्टिविटी, एनआईटी, एम्स, इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेज की श्रृंखला है। गरीब कल्याणकारी योजनाएं चल रही हैं। बिहार का नौजवान आज आईएएस-आईपीएस बन रहा है, मल्टीनेशनल कंपनियों में काम कर रहा है, स्टार्टअप और उद्यमी बन रहा है।

    राजद इसे कभी नहीं कर पाता

    अयोध्या और राम मंदिर पर बोलते हुए कहा कि हमने कहा था कि मंदिर वहीं बनाएंगे, हमने लाठी और गोलियां खाईं, लेकिन पीछे नहीं हटे। आज अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन गया है। कांग्रेस और राजद इसे कभी नहीं कर पाते।

    उन्होंने आगे कहा कि अयोध्या में इंटरनेशनल एयरपोर्ट महर्षि वाल्मीकि के नाम पर है। रैन बसेरा निषादराज के नाम पर है तो प्रसाद केन्द्र माता सबरी के नाम पर संचालित है। अयोध्या से सीतामढ़ी को जोड़ने वाला रामजानकी मार्ग 6155 करोड़ की लागत से बन रहा है।

    यूपी मॉडल का किया जिक्र

    योगी ने कानून व्यवस्था पर यूपी मॉडल का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में बुलडोजर ने अपराधियों के हौसले पस्त कर दिया है। बेटी और व्यापारी सुरक्षित हैं। जो अपराध करेगा, उसका यमलोक का टिकट पक्का है। राजद के शासनकाल पर हमलावर होते कहा कि राजद के शासन में 30,000 से अधिक अपहरण की घटनाएं हुईं, न इंजीनियर सुरक्षित था, न डॉक्टर, न बेटियां, न बच्चे। बिहार को जंगलराज में धकेला गया।

    मोदी सरकार की योजनाएं गिनाते योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 50 करोड़ लोगों को आयुष्मान कार्ड से मुफ्त इलाज, चार करोड़ गरीबों को आवास, 10 करोड़ परिवारों को उज्ज्वला गैस कनेक्शन, हर घर नल से पानी की सुविधा दी गई है। भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था में पैसा सीधे गरीबों के खाते में जा रहा है।

    छातापुर विधानसभा क्षेत्र से एनडीए के प्रत्याशी नीरज कुमार सिंह बबलू को भारी मतों से विजयी बनाकर बनाने की अपील की। सभा को मध्यप्रदेश के भाजपा नेता फग्गन सिंह कुलस्ते, यूपी के सिद्धार्थ नाथ सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री सह विधान परिषद सदस्य सैयद शाहनवाज हुसैन, पूर्व सांसद विश्वमोहन कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र कुमार ऋषि आदि ने संबोधित किया।