Bihar Elections: बिहार में घुसपैठियों के सहारे सरकार बनाना चाहते 'दो शहजादे', नड्डा बोले-इन्हें सबक सिखाना जरूरी
भाजपा नेता जे.पी. नड्डा ने बिहार में चुनावी रैली में विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि 'दो शहजादे' घुसपैठियों के सहारे सरकार बनाना चाहते हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वे इन 'शहजादों' को सबक सिखाएं और भाजपा को विजयी बनाएं। नड्डा ने विपक्ष पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया और भाजपा की विकास प्रतिबद्धता दोहराई।

हाजीपुर में भाजपा प्रत्याशियों के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा। जागरण
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। बिहार के लोगों ने लालू यादव के 15 साल के शासनकाल में वह दौर भी देखा है जब राज्य को सबसे निचले स्तर पर पहुंचा दिया गया था। उस समय बिहार में उद्योग नहीं, बल्कि अपहरण उद्योग फल-फूल रहा था। डाक्टरों और वकीलों का अपहरण, व्यापारियों से फिरौती की मांग और गोली मार देने जैसी घटनाएं आम थीं। ये बाते भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय स्वास्थ्य जेपी नड्डा ने कही। वे शुक्रवार की शाम शहर के हथसारगंज स्थित एक सभागार में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री आवास से तय होती थी फिरौती
उन्होंने आरोप लगाया कि सबसे दुर्भाग्यपूर्ण बात यह थी कि फिरौती की बात मुख्यमंत्री आवास से होती थी। नड्डा ने कहा कि तेजस्वी पलायन की बात करते हैं, लेकिन यह नहीं बताते कि उनके पिता लालू प्रसाद और राबड़ी देवी के शासन में बिहार को कहां पहुंचा दिया गया था। जब तक अंधकार की त्रासदी को नहीं पहचानेंगे, तब तक उजाले की तस्वीर नहीं ले पागे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के हर क्षेत्र में विकास किया है और भारतीय राजनीति की संस्कृति को बदल दिया है। पहले राजनीति में परिवारवाद, जातिवाद और तुष्टिकरण का बोलबाला था, लेकिन अब सबका साथ, सबका विकास की नीति लागू है। कहा कि भाजपा सरकार रिपोर्ट कार्ड की राजनीति लेकर आई है, जिसमें किए गए कार्यों का हिसाब जनता को दिया जाता है। बिहार में गंगा पर छह पुलों का निर्माण किया जा रहा है, जिससे राज्य के किसी भी हिस्से से पटना पहुंचना आसान हो गया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। अब 98 प्रतिशत मोबाइल देश में बन रहे हैं, आटोमोबाइल सेक्टर में भारत तीसरे स्थान पर है, और अब भारत में बनी बुलेटप्रूफ जैकेट दूसरे देशों को बेची जा रही है।
‘दो शहजादे’ और घुसपैठियों पर की टिप्पणी
नड्डा ने विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि राजद ने शहाबुद्दीन के बेटे को टिकट दिया है। दो-दो शहजादे वोट चोरी की बात करते थे और घुसपैठियों के सहारे सरकार बनाना चाहते थे। इन घुसपैठियों को सबक सिखाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने आपरेशन सिंधु से पाकिस्तान को करारा जवाब दिया और देश की सुरक्षा को मजबूत किया। कोरोना काल में भारत ने 100 देशों को वैक्सीन दी और 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया।
महिलाओं और गरीबों के लिए चल रही योजनाएं
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत हर गरीब परिवार को 5 लाख तक मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही है। बिहार में नल-जल योजना, उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री सड़क योजना के माध्यम से गांव-गांव तक विकास पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बिहार में पांच एयरपोर्ट बन रहे हैं और अगली बार जब वे वोट मांगने आएंगे तो राज्य में दस एयरपोर्ट बन चुके होंगे। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 75 लाख महिलाओं के खातों में 10-10 हजार की राशि दी जा रही है, और आगे 2 लाख की राशि देने की भी योजना है। उन्होंने जिले की सभी आठ विधानसभा सीटों पर एनडीए प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। कार्यक्रम में वैशाली जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।