Raghopur Election Result: तेजस्वी के सामने 'हवा' हो गए सतीश, पैतृक गांव के साथ ननिहाल से भी हारे
राघोपुर चुनाव में Tejashwi Yadav ने सतीश कुमार को पराजित किया। सतीश को अपने पैतृक गांव और ननिहाल में भी हार मिली। तेजस्वी की इस जीत ने राघोपुर क्षेत्र में उनके मजबूत समर्थन को दर्शाया। यह परिणाम तेजस्वी यादव के राजनीतिक करियर में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

राघोपुर विधानसभा चुनाव रिजल्ट। फाइल फोटो
संवाद सूत्र, राघोपुर। विधानसभा चुनाव में राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से राजद उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने कांटे की टक्कर में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के Satish Kumar को पराजित करते हुए अपनी जीत की हैट्रिक लगाई।
वहीं भाजपा के सतीश कुमार को लगातार तीसरी बार भी तेजस्वी यादव से शिकस्त खानी पड़ी। भाजपा उम्मीदवार को अपने गृह पंचायत और ननिहाल के पंचायत में भी करारी शिकस्त मिली है।
विधानसभा क्षेत्र के राघोपुर प्रखंड की तेरसिया, सरायपुर सहित यादव बहुल अधिकांश पंचायतों में भाजपा उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि बिदुपुर प्रखंड से सतीश कुमार ने बढ़त जरूर बनाई, लेकिन राघोपुर प्रखंड के अधिकांश पंचायतों में उन्हें हार झेलनी पड़ी।
चुनाव प्रचार के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, भाजपा नेता दिनेश लाल यादव निरहुआ, पवन सिंह समेत कई एनडीए नेताओं ने सतीश कुमार के समर्थन में सभाएं कीं थी, लेकिन अंतिम नतीजों में कोई बदलाव नहीं आया।
अपने गांव और ननिहाल में भी मिली पराजय
भाजपा उम्मीदवार अपने पैतृक गांव रामपुर श्यामचंद और ननिहाल मोहनपुर में भी जनता का समर्थन नहीं जुटा पाए। उन्हें अपनी पंचायत रामपुर श्यामचंद में 2777 वोट मिले जबकि तेजस्वी प्रसाद यादव को उनसे 207 वोट अधिक 2984 वोट प्राप्त हुए। इस पंचायत के मतदान केंद्र संख्या 287 पर तेजस्वी को 257 और सतीश कुमार को 298 वोट प्राप्त हुए।
सतीश को उनके ननिहाल मोहनपुर पंचायत 1139 वोट मिले जबकि तेजस्वी को 3099 वोट मिले। उनके ननिहाल के मतदान केंद्र संख्या 292 पर तेजस्वी को 463 और सतीश को मात्र 94 वोट मिले।
रामपुर श्यामचंद पंचायत में सबसे अधिक वोट तेजस्वी प्रसाद यादव को राजद तकनीकी प्रकोष्ठ के प्रखंड अध्यक्ष राजा राम राय के मतदान केंद्र संख्या 286 पर 404 वोट प्राप्त हुए।
हालांकि 2020 के विधानसभा चुनाव की तुलना में इस बार सतीश को अपने पैतृक गांव में अधिक समर्थन मिला, लेकिन इसके बावजूद वे गांव से भी चुनाव हार गए। अंतिम परिणाम में तेजस्वी प्रसाद यादव को 118597 वोट, जबकि सतीश कुमार को 104065 वोट मिले। इस प्रकार तेजस्वी यादव ने सतीश कुमार को 14532 वोट से पराजित कर राघोपुर से लगातार तीसरी जीत दर्ज की।
रामपुर श्यामचंद पंचायत में दोनों उम्मीदवारों को प्राप्त मत
| बूथ नंबर | तेजस्वी यादव | सतीश कुमार |
|---|---|---|
| 278 | 304 | 109 |
| 279 | 263 | 82 |
| 280 | 56 | 412 |
| 281 | 84 | 287 |
| 282 | 367 | 229 |
| 283 | 365 | 309 |
| 284 | 363 | 241 |
| 285 | 285 | 291 |
| 286 | 404 | 118 |
| 287 | 257 | 298 |
| 288 | 236 | 401 |
| कुल | 2947 | 2777 |

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।