Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Bihar News: पश्चिम चंपारण के गोवर्धना में चारा लेने गए युवक पर झपटा बाघ, पीठ पर मारा पंजा

    Updated: Sat, 30 Aug 2025 11:52 AM (IST)

    गोवर्धना थाना क्षेत्र के डुमरी गांव के समीप एक दुखद घटना घटी। खेत में सोहनी करने गए 35 वर्षीय किसान जीतन महतो पर बाघ ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल किसान को तुरंत पीएचसी में भर्ती कराया गया जहाँ से उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए रेफर कर दिया गया है। स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

    Hero Image
    बाघ की प्रतीकात्मक तस्वीर और उपचाराधीन जख्मी किसान। जागरण

    संवाद सूत्र, रामनगर (पश्चिम चंपारण)। 20 दिन बाद एक बार फिर वीटीआर (वाल्मीकि टाइगर रिजर्व) के बाघ का आतंक दिखा। 11 अगस्त को एक किसान को मारने के बाद शनिवार की सुबह नौ बजे गोवर्धना थाना क्षेत्र के डुमरी गांव के समीप जंगल से निकले बाघ ने 35 वर्षीय जीतन महतो पर हमला कर दिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पीठ पर तीन पंजे मारे। बगल के खेतों में काम कर रहे लोगों के शोर मचाने पर बाघ जंगल की ओर भागा और युवक की जान बची। उन्हें रामनगर पीएचसी में भर्ती कराया गया।

    वहां से बेतिया एमजेके अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के समय वे मवेशियों के लिए चारा काट रहे थे। फारेस्टर सूर्यकांत ने बताया कि बाघ के पगचिह्न मिले हैं। वन विभाग की टीम बाघ पर नजर रख रही है।

    खेतों में जाने से डर रहे किसान

    जीतन शनिवार चारे के लिए खेत में घास काटने गए थे, तभी बगल के गन्ने के खेत में छुपे बाघ ने उनपर झपटा मारा। जीतन ने बाघ को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन उसकी फुर्ती के आगे नहीं भाग सके। बाघ ने उनकी पीठ पर पंजा मारा, इससे वहां गहरा जख्म हो गया है।

    जांघ पर भी खरोंच है। वन विभाग के कर्मी गांव के सरेह में बाघ के पगचिह्न के आधार पर उसका लोकेशन ढूंढ़ने में लगे हैं। ग्रामीणों में इस हमले के बाद से दहशत है। लोग अपने खेतों में जाने से डर रहे हैं। वन विभाग की तरफ से भी अभी खेतों की तरफ लोगों को अकेले जाने के लिए मना कर दिया गया है।

    वनकर्मियों ने दिखाई होती तत्परता तो नहीं होता हमला

    15 अगस्त को भी डुमरी गांव से पश्चिम सरेह में ग्रामीणों को बाघ दिखा था। इसके बाद वनकर्मी उस क्षेत्र में लोकेशन एवं पगचिह्न चेक करने पहुंचे थे, लेकिन वनकर्मियों ने इसे अफवाह करार दिया था। इसके बाद यह हमला हो गया।

    ग्रामीणों का कहना है कि वनकर्मियों ने अगर उसी समय तत्परता दिखाई होती। सही तरीके से लोकेशन ट्रैक किया होता तो शायद वीटीआर से निकलकर सरेह में पहुंचे बाघ को उसी समय वापस जंगल में खदेड़ा जा सकता था।

    11 अगस्त को बाघ ने ले ली थी किसान की जान

    11 अगस्त, 2025 को गोवर्धना रेंज के घोड़ाघाट खैरहनी गांव के सरेह में सुबह 11 बजे वीटीआर के जंगल से निकले बाघ ने खेत में सोहनी कर रहे खैरहनी निवासी 65 वर्षीय किसान मथुरा महतो पर हमला कर मार डाला था। सूचना पर पहुंचे टाइगर ट्रैकर विजय उरांव पर भी बाघ ने हमला कर घायल कर दिया। रामनगर पीएचसी में घायल विजय का इलाज चल रहा है। बाद में बाघ को पकड़ लिया गया।

    इस महीने वीटीआर में जानवरों के हमले

    27 अगस्त, 2025 : मचान पर सो रहे किसान पर तेंदुए ने किया हमला

    वीटीआर के वन प्रमंडल-दो के मदनपुर वन क्षेत्र के वाल्मीकिनगर रोड रेलवे स्टेशन के पास अपने घर के बाहर मचान पर सो रहे 36 वर्षीय किसान पर तेंदुए ने हमला कर दाएं पैर को जख्मी कर दिया।

    28 अगस्त, 2025 : गन्ने के खेत में छिपे भालू ने किया हमला

    हरनाटांड़ वन क्षेत्र अंतर्गत दोन क्षेत्र के जंगल से सटे गन्ने के खेत में गुरुवार की शाम छह बजे छिपे एक भालू ने किसान पर हमला कर दिया। इससे गोबरहिया थाना क्षेत्र के नरकटिया दोन निवासी खुशराज महतो (40) घायल हो गए। वह रोज़ की तरह खेत में गन्ने की खेत में पहुंचे थे और खेत में लगे घास को हटा रहे थे।

    comedy show banner
    comedy show banner