Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Chhath 2025: नहाय खाय के साथ शुरू हो जाएगा आस्था का महापर्व छठ

    By Madhusudan Kumar Edited By: Ajit kumar
    Updated: Fri, 24 Oct 2025 06:31 PM (IST)

    Chhath 2025: छठ महापर्व की शुरुआत नहाय खाय के साथ हो रही है, जिससे बाजारों में रौनक बढ़ गई है। बांस के बने सामानों की कीमतों में वृद्धि हुई है। महिलाएं चूड़ी और लहठी की खरीदारी में व्यस्त हैं, और पूरा क्षेत्र छठ गीतों से गुंजायमान है। छठ पूजा के लिए आवश्यक सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है।

    Hero Image

    छठ के लिए खरीदारी करते श्रद्धालु। जागरण 

    जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। Chhath Puja 2025: सूर्योपासना का चार दिवसीय छठ महापर्व आज शनिवार को नहाए खाए से शुरू होगा। लोक आस्था के महापर्व को लेकर शुक्रवार को बाजारों की चहल-पहल बढ़ गई। शहर में छठ पूजा के सामानों का बाजार सज चुका है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वहीं गांव-कस्बों में भी छठ पूजा को लेकर शहर में जगह-जगह सेब, नारंगी, जल सिघारा, नारियल, डाभ नींबू, कच्चा हल्दी, अदरक, मूली, बद्धी, खाजा सहित अन्य सामान की बिक्री हो रही है।

    वहीं चीनी, गुड़, केला, चावल, आटा, मैदा, शुद्ध घी सहित अन्य वस्तुओं के दुकानों पर खरीदारों का जमघट लगा हुआ था।

    सूप, कोनिया, डगरी की कीमत में वृद्धि

    छठ पूजा को देखते हुए शहर में बांस के सामान में सूप, टोकरी, डगरा, कोनिया आदि की बिक्री शुरू हो गई है। बांस के टोकरी, सूप, कोनिया, डगरी में छठ पूजन सामग्री रखकर अर्घ्य देने का विधान है।

    हालांकि, अब सक्षम लोग बांस की बजाय पीतल की सूप, कोनिया, डगरी का प्रयोग करने लगे हैं। बांस से तैयार टोकरी, सूप, कोनिया, डगरी की कीमत में इस वर्ष मामूली इजाफा देखा जा रहा है।

    बांस से पूजा सामग्री बनाने वाले शहर के विजय कुमार ने बताया कि बांस की कीमत में इजाफा से इससे निर्मित सामान पर मुनाफा में कमी आई है।

    महंगे दरों पर खरीदारी होने वाले बांस से करीब आधा दर्जन सामान तैयार होता है। व्यवसायी दिवेश आर्य ने बताते हैं कि बाजार में इन दिनों टोकरी 200 से 400, सूप 100 से 200, कोनिया 50, डगरी 60 से 70 रुपये प्रति पीस के दर पर बिक्री हो रही है।

    आकर्षक चूड़ी-लहठी की मांग

    छठ पूजा को यहां के चूड़ी दुकानों पर महिलाओं की संख्या बढ़ने लगी है। युवतियों व छोटी-छोटी बच्चियों में भी चूड़ी की खरीदारी को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है।

    महिलाएं नए डिजाइन की आकर्षक चूड़ी-लहठी की मांग कर रही है। राजस्थान की लहठी के अलावा स्थानीय स्तर पर तैयार लहठी की मांग काफी बढ़ गई है।

    स्थानीय बाजार के व्यवसायी एजाज अहमद बताते हैं कि 200 से 1000 रुपये प्रति सेट के दर पर लहठी की बिक्री की जा रही है। एक दुकान पर खरीदारी करतीं सुनीता देवी ने बताया कि छठ पर नया लहठी धारण करना शुभ माना जाता है।

    छठ गीतों से गुलजार हुआ इलाका

    छठ पूजा के दौरान छठ गीतों से पूरा क्षेत्र गुलजार हो गया है। हर जगह छठ गीत सुनाई देने लगी है। इस कारण पूरा वातावरण छठमय हो गया है। खासकर गाना डाउनलोड करने वालों के यहां छठ गीतों की भारी डिमांड है।