New Labour Codes: 1 साल किया काम लेकिन फिर भी इन कर्मचारियों को नहीं मिलेगा ग्रेच्युटी का पैसा, क्या है वजह?
आज के समय में किसी भी कंपनी में लंबे समय के लिए टिकना मुश्किल है। इसलिए न्यू लेबर कोड (New Labour Codes) के तहत अब ग्रेच्युटी पाने के लिए आपको 5 साल का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। आपको ये पैसा एक साल में ही मिल जाएगा। लेकिन इसमें भी एक नियम है, जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं।

नई दिल्ली। ग्रेच्युटी उन कर्मचारियों के लिए तोहफा है, जो लंबे समय के लिए किसी एक कंपनी में काम करते हैं। पहले ग्रेच्युटी का पैसा पाने के लिए आपको 5 साल का लंबा इंतजार करना होता था। लेकिन न्यू लेबर कोड (New Labour Code) के तहत ये अवधि 5 साल से कम करके 1 साल कर दी गई है।
इसका मतलब हुआ कि अब ग्रेच्युटी का लाभ पाने के लिए आपको 5 साल का इतंजार नहीं करना होगा। आप एक साल सर्विस देकर ही ग्रेच्युटी का लाभ ले सकते हैं। लेकिन इसमें भी एक शर्त है। जिसके बारे में बहुत कम लोग ही जानते हैं।
किन्हें नहीं मिलेगा ग्रेच्युटी का लाभ?
ग्रेच्युटी का लाभ पाने के लिए ये जरूरी है कि कर्मचारी निरंतर 1 साल तक कंपनी में काम करता हो। मान लीजिए कोई कर्मचारी जॉब छोड़कर जा रहे हैं। ऐसे में उसकी ग्रेच्युटी कैलकुलेशन के लिए उसकी जॉइनिंग से लेकर उसके काम छोड़ने तक का पीरियड कैलकुलेशन में लिया जाएगा। अगर इस दौरान कर्मचारी ने कोई लंबा ब्रेक लिया है, तो इस स्थिति में उसे ग्रेच्युटी का पैसा मिलने में परेशानी आ सकती है।
अब जानते हैं कि ग्रेच्युटी कैसे कैलकुलेट की जाती है।
कैलकुलेशन
ग्रेच्युटी = (आखिरी सैलरी x 15 x सर्विस के साल) / 26
यह कैलकुलेशन सर्विस के पूरे साल के 15 दिनों की सैलरी पर आधारित है, जिसमें एक महीने में काम करने के दिनों की संख्या 26 है। "लास्ट ड्रॉन सैलरी" में बेसिक सैलरी और महंगाई भत्ता शामिल किया गया है। अगर कर्मचारी ने आखिरी साल में छह महीने से ज्यादा काम किया है, तो कैलकुलेशन के लिए इसे अगले पूरे साल में राउंड अप किया जाता है।
1 साल की नौकरी पर कितनी मिलेगी ग्रेच्युटी?
मान लीजिए आपने एक साल की नौकरी की है और नौकरी छोड़ दी है और आपकी आखिरी सैलरी 30000 रुपये थी तो आपको ग्रेच्युटी उसी के अनुसार मिलेगी। इसे हम नीचे कैलकुलेट कर रहे हैं।
ग्रेच्युटी= (30000*15*1)/26
ग्रेच्युटी= 17307 रुपये
30 हजार की सैलरी के लिए एक साल की नौकरी पर आपको 17307 रुपये ग्रेच्युटी के रूप में मिलेंगे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।