Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'विकेट लेने से ज्यादा मेरे लिए...', हॉल ऑफ फेम में शामिल होने के बाद ब्रेट ली का आया पहला रिएक्शन

    Updated: Sun, 28 Dec 2025 09:24 PM (IST)

    ली ने अपने करियर में दो बार 160 किमी प्रति घंटे से अधिक की गति हासिल की। पहली बार 2003 में साउथ अफ्रीका में विश्व कप में, जहां उन्होंने सेमीफाइनल में ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    ब्रेट ली ने दो बार फेंकी 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार की गेंद। फाइल फोटो

    मेलबर्न, प्रेट्र। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व गेंदबाज ब्रेट ली को ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के हॉल ऑफ फेम में जगह मिली है। वह तेज गेंदबाजी के प्रति इतने जुनूनी थे कि उन्होंने नौ साल की उम्र में ही 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार हासिल करने का लक्ष्य बना लिया था। जब तक उन्होंने यह जादुई आंकड़ा हासिल नहीं कर लिया, तब तक उनके लिए कोई भी व्यक्तिगत उपलब्धि या सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों के विकेट उखाड़ना कोई मायने नहीं रखता था।

    ली ने अपने करियर में दो बार 160 किमी प्रति घंटे से अधिक की गति हासिल की। पहली बार 2003 में साउथ अफ्रीका में विश्व कप में, जहां उन्होंने सेमीफाइनल में श्रीलंका के मार्वन अटापट्टू को 160.1 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली गेंद से आउट किया था। दूसरी बार 160.8 किमी/घंटा की गेंद की थी, जो उन्होंने 2005 में न्यूजीलैंड के खिलाफ नेपियर में फेंकी थी।

    मां को दिया श्रेय

    ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के हॉल ऑफ फेम में शामिल किए गए 49 वर्षीय ली ने कहा कि उन्होंने अपना जीवन अपने इस सपने को साकार करने के लिए समर्पित कर दिया था। इसके लिए उन्होंने अपनी मां हेलेन को श्रेय दिया जो एक फर्राटा धाविका थीं और इस तरह से उनके पास रफ्तार का सौदागर बनने के लिए आवश्यक आनुवंशिक गुण थे।

    कम उम्र में देखा था सपना

    क्रिकेट डॉट कॉम एयू के अनुसार ली ने कहा, 160 किमी प्रति घंटा मेरे लिए किसी भी विकेट से कहीं अधिक मायने रखता है। निश्चित तौर पर टीम सर्वोपरि होती है तथा विश्व कप 2003 जीतना, लगातार 16 टेस्ट जीतना। यह सर्वोच्च उपलब्धि है। इसके लिए ही तो खेल खेला जाता है। लेकिन व्यक्तिगत उपलब्धियों की बात करें तो मेरे लिए विकेट लेना उतना महत्वपूर्ण नहीं था, क्योंकि मैंने बहुत कम उम्र में ही 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार हासिल करने और उससे आगे निकलने का लक्ष्य निर्धारित किया था। फिर जब वह सपना साकार हो जाता है तो यह बहुत खास होता है।

    लिए हैं 718 विकेट

    ब्रेट ली ने अपने दो दशक लंबे करियर का अंत सभी प्रारूपों में 718 अंतरराष्ट्रीय विकेटों के साथ किया। उन्हें दुनिया के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाजों में गिना जाता है क्योंकि उन्होंने दुनिया भर के शीर्ष बल्लेबाजों में भय पैदा किया था।

    यह भी पढ़ें- रफ्तार के बादशाह Brett Lee को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का सबसे बड़ा सम्मान… 'हॉल ऑफ फेम' में हुए शामिल