फर्जी पासपोर्ट से यात्रा कर रहा अफगान नागरिक दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार, मेडिकल वीजा पर आया था भारत
दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर काबुल से आए एक अफगानी नागरिक को फर्जी भारतीय पासपोर्ट बनवाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। उसने मेडिकल वीजा पर भारत आकर ओडिशा के पते पर पासपोर्ट बनवाया था। आरोपी ने फर्जी पासपोर्ट से कई देशों की यात्रा भी की। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि उसने किसकी मदद से पासपोर्ट बनवाया।

फर्जी तरीके से पासपोर्ट बनाने के आरोप में अफगान नागरिक गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। आइजीआइ एयरपोर्ट पर काबुल से नई दिल्ली पहुंचे एक अफगानी नागरिक को फर्जी तरीके से भारत का पासपोर्ट बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। छानबीन में पता चला कि आरोपित ने फर्जी तरीके से बनाए गए भारतीय पासपोर्ट पर कई देशों की यात्रा भी की है। इस मामले की छानबीन जारी है।
आरोपित यात्री 22 अक्टूबर को उड़ान संख्या आरक्यू-4401 से नई दिल्ली पहुंचा। इसी उड़ान से खुद को ओडिशा का बताने वाला आमिर खान उतरा था। भारतीय पासपोर्ट धारी आमिर इमिग्रेशन क्लियरेंस के लिए जब काउंटर पर पहुंचा तो जांच अधिकारी ने आमिर खान से पूछा कि वह काबुल क्यों गया था।
इस प्रश्न का सही उत्तर आमिर नहीं दे पाया। इसके बाद इमिग्रेशन अधिकारी को संदेह हुआ और सघन पूछताछ शुरू की। इस दौरान आमिर ने सच्चाई बयां करते हुए कहा कि वह भारतीय नागरिक नहीं है, वह अफगान नागरिक है। पता चला कि उसका असली नाम शिर अहमद खान अहमदी है। वह 24 सितम्बर 2020 को अफगानी पासपोर्ट पर मेडिकल वीजा लेकर भारत आया था।
भारत आने के बाद वह वापस नहीं गया और उसने नयापाड़ा, बारागढ़, ओडिशा के पते पर अपना भारतीय पासपोर्ट बनवा लिया। जिसके बाद वह भारतीय नागरिक बनकर यात्राएं करने लगा। फिलहाल पुलिस यह जानकारी जुटा रही है कि आरोपित ने भारतीय पासपोर्ट किसकी मदद से और कैसे बनवाया था।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।