Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    MCD उपचुनाव परिणाम में BJP की महिलाओं का दबदबा, 6 सीटों पर लहराया परचम; देखें लिस्ट

    Updated: Wed, 03 Dec 2025 07:15 PM (IST)

    दिल्ली एमसीडी उपचुनाव में भाजपा महिला उम्मीदवारों ने शानदार प्रदर्शन किया, 12 में से 6 सीटें जीतीं। शालीमार बाग बी वार्ड में अनीता जैन ने आप की बबीता ...और पढ़ें

    पीटीआई, नई दिल्ली। भाजपा की महिला उम्मीदवारों ने बुधवार को घोषित एमसीडी उपचुनाव के 12 वार्डों में से छह पर जीत हासिल कर दिल्ली के राजनीतिक परिदृश्य में अपना दबदबा कायम कर लिया। 30 नवंबर को हुए एमसीडी उपचुनाव में भाजपा, आप और कांग्रेस ने 19 महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था। इनमें सबसे अधिक आठ भाजपा से थीं, जबकि आप से छह और कांग्रेस से पांच उम्मीदवार थीं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के 12 वार्डों के उपचुनाव के लिए 51 उम्मीदवार मैदान में थे। भाजपा की आठ महिला उम्मीदवारों में से छह विजयी रहीं, जबकि आप या कांग्रेस की कोई भी महिला उम्मीदवार जीत नहीं सकी।

    अनीता जैन ने शालीमार बाग बी वार्ड से आप की बबीता राणा को 10,000 से ज्यादा वोटों से हराया। यह वार्ड भाजपा की मौजूदा पार्षद रेखा गुप्ता के फरवरी में विधानसभा चुनाव जीतने और दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने के बाद खाली हुआ था।

    द्वारका बी वार्ड, जिसका प्रतिनिधित्व पहले भाजपा पश्चिमी दिल्ली की सांसद कमलजीत सहरावत करती थीं, पार्टी के लिए मनीषा रानी ने जीत हासिल की। रानी ने आप की राजबाला को 9,100 मतों के अंतर से हराया।

    एक अन्य वार्ड, ग्रेटर कैलाश में भाजपा उम्मीदवार अंजुम मंडल ने जीता, उन्होंने उपचुनाव में सबसे कम उम्र की उम्मीदवार आप की 24 वर्षीय ईशना गुप्ता को 4,000 से अधिक मतों से हराया। अशोक विहार वार्ड से भाजपा की वीना असीजा ने आप की सीमा गोयल को 405 मतों से हराया।

    डिचाऊं कलां वार्ड से बीजेपी कैंडिडेट रेखा रानी ने आप की नीतू को 5,637 वोटों से हराया। विनोद नगर वार्ड से बीजेपी की सरला चौधरी ने आप की प्रत्याशी गीता रावत को 1,769 वोटों से पराजित किया।

    जिन 12 वार्डों में 30 नवंबर को मतदान हुआ था, उनमें से नौ वार्ड पहले भाजपा के पास थे और शेष आप के पास थे। भाजपा के एकमात्र पुरुष विजेता सुमन गुप्ता थे, जिन्होंने चांदनी चौक वार्ड में आप उम्मीदवार को 1,100 से ज्यादा मतों से हराया। भाजपा ने सात वार्ड और आप ने तीन वार्ड जीते। कांग्रेस और ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक (एआईएफबी) ने एक-एक सीट जीती।