'छठ पूजा पर पहली बार हो रही यह व्यवस्था, लोग हमेशा रखेंगे याद', बोलीं CM रेखा गुप्ता
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि छठ पूजा के लिए पहली बार ऐसी व्यवस्था की जा रही है जिसे लोग हमेशा याद रखेंगे। सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हर संभव प्रयास कर रही है ताकि उन्हें कोई परेशानी न हो। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार छठ पूजा का आयोजन ऐतिहासिक होगा।
-1761319364820.webp)
दिल्ली सरकार ने लक्ष्मी नगर विधानसभा क्षेत्र में पूर्वी जिले का पहला पक्का छठ घाट बनाया।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। छठ पूजा से पहले दिल्ली सरकार ने लक्ष्मी नगर विधानसभा क्षेत्र में पूर्वी जिले का पहला पक्का छठ घाट बनाया है। 70 लाख रुपये की लागत से गणेश नगर कांप्लेक्स के धोबी घाट में छठ घाट बनाया गया है।
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को विधायक अभय वर्मा व जोन चेयरमैन रामकिशोर शर्मा के साथ छठ घाट समेत विधानसभा क्षेत्र में 30 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्यों का लोकार्पण किया।
सीएम ने कहा कि छठ घाट सिर्फ पूर्वांचल समाज की आस्था का प्रतीक नहीं। यह दिल्ली की सांस्कृतिक एकता और धार्मिक सौहार्द का प्रतीक भी बनेगा। पूर्वांचल समाज दिल्ली की रीढ़ है, जो अपनी मेहनत, सेवा और समर्पण के माध्यम से राजधानी के विकास में निरंतर योगदान दे रहा है।
दावा किया कि दिल्ली में छठ की पहली बार ऐसी व्यवस्था हो रही है कि दिल्ली वाले हमेशा याद रखेंगे। दिल्ली सरकार पूरी तरह से छठ की तैयारियों में जुटी हुई है। यमुना किनारों से लेकर अस्थायी घाटोें पर छठ की व्यवस्था की जा रही है। छठ व्रतियों की हर एक सुविधा का ध्यान रखा जा रहा है। दावा किया जब से दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी है तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं।
सीएम ने कहा कि लक्ष्मी नगर विधानसभा क्षेत्र में 16 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 153 गलियां और सड़कें बनेंगी। 12.36 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 75 सीवर व पानी की लाइन कार्य होगा। 1.30 करोड़ रुपये की लागत से गणेश नगर कांप्लेक्स की पुलिया का चौड़ीकरण होगा। जल्द ही सभी विकास कार्य पूरे होंगे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।