दिल्ली में सांसों पर संकट बरकरार, आनंद विहार में AQI 400 के पार; जानिए NCR का हाल?
दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण का स्तर गंभीर बना हुआ है, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। इंडिया गेट के पास एक्यूआई 325 दर्ज किया गया, जो 'बेहद खराब' श्रेणी में आता है। लोधी रोड पर भी एक्यूआई 287 दर्ज हुआ। प्रदूषण कम करने के लिए सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है। शनिवार को भी कई निगरानी केंद्रों में एक्यूआई 300 से ऊपर था।

इंडिया गेट के पास छाई धुंध का नजारा। फोटो सौजन्य- एएनआई
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली सहित एनसीआर में सांसों पर संकट थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को भी वायु गुणवत्ता 'बेहद खराब' श्रेणी में बरकरार है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, रविवार सुबह सात बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 'बहुत खराब' श्रेणी 322 दर्ज किया गया। इंडिया गेट और आसपास के इलाकों में एक्यूआई 325 दर्ज किया गया, जो हवा की 'बेहद खराब' श्रेणी में आता है।
वहीं, लोधी रोड के आसपास एक्यूआई 287 दर्ज किया गया है। एक्यूआई पर काबू पाने के लिए सड़कों और पेड़ों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है। इससे पहले, शनिवार को 16 निगरानी केंद्रों में एक्यूआई बहुत खराब श्रेणी (300 से ऊपर) में दर्ज किया गया था।
| स्थान | एक्यूआई |
|---|---|
| आनंद विहार | 430 |
| दिल्ली एयरपोर्ट | 269 |
| जहांगीरपुरी | 370 |
| लोधी रोड | 283 |
| रोहिणी | 362 |
| लोनी, गाजियाबाद | 320 |
| इंदिरापुरम | 319 |
| वसुंधरा | 345 |
| सेक्टर-62, नोएडा | 288 |
| नॉलेज पार्क, ग्रेटर नोएडा | 283 |
| सेक्टर 51, गुरुग्राम | 355 |
यह भी पढ़ें- Delhi Air Pollution: दिल्ली में 'जहरीली' हवा से घुटा लोगों का दम, दीवाली के बाद रेड जोन में पहुंचे NCR के ये 10 इलाके
यह भी पढ़ें- छठ पर्व पर कैसा रहेगा मौसम... दिल्ली में प्रदूषण की मार, कई जगहों पर भारी बारिश के आसार; पढ़ें IMD का अलर्ट
सर्द होने लगा मौसम, रात का पारा लुढ़का
धीरे-धीरे मौसम का मिजाज बदलने लगा है। दिन में जहां हल्की गर्मी का अहसास बना हुआ है, वहीं शाम ढलते ही सर्दी का अहसास होने लगा है। रात का तापमान लगातार गिरावट दर्ज कर रहा है। शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.3 डिग्री कम 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और सुबह हल्की धुंध छाई रही।
शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन के औसत तापमान से करीब दो डिग्री कम रहा। वहीं अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय हल्की धुंध छाई रही, जिससे दृश्यता कुछ कम रही। हवा में प्रदूषण के कणों की मात्रा भी अधिक रही।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदूषण का स्तर और बढ़ सकता है क्योंकि हवा की गति धीमी हो रही है। वहीं, शाम को भी अब लोगों को हल्की ठंडक का अहसास होने लगा है। सुबह के समय लोग हल्के गर्म कपड़ों में नजर आने लगे हैं।
फसलों को मिलेगा फायदा
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि इस समय तापमान में आ रही गिरावट रबी फसलों के लिए फायदेमंद साबित होगी। गेहूं, सरसों और चने जैसी फसलों की बुआई के लिए यही तापमान उपयुक्त माना जाता है। मौसम में यह बदलाव किसानों के लिए राहत लेकर आया है।
31 तक साफ रहेगा मौसम
मौसम विभाग का अनुमान है कि 31 अक्टूबर तक आसमान साफ रहेगा और तापमान में धीरे-धीरे और गिरावट आ सकती है। हालांकि, दिन के समय फिलहाल हल्की गर्मी बनी रहेगी। विभाग के मुताबिक नवंबर के पहले सप्ताह से न्यूनतम तापमान 13.0 से 14.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे सर्दी का असर और बढ़ेगा।
#WATCH | Delhi | The Air Quality Index (AQI) around Ashram, Maharani Bagh was recorded in the 'Very Poor' category, as per the Central Pollution Control Board (CPCB)
— ANI (@ANI) October 26, 2025
(Drone visuals shot at 7:10 am) pic.twitter.com/te3qJgNl30

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।