दिल्ली में अवैध ई-वेस्ट कारोबारियों पर नगर निगम की सख्ती, 35 गोदामों पर चस्पा किए नोटिस; कार्रवाई की चेतावनी
दिल्ली नगर निगम ने अवैध ई-वेस्ट कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम ने 35 गोदामों पर नोटिस चस्पा कर कारोबार बंद करने की चेतावनी दी है। अवैध ई-वेस्ट कारोबार पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है, क्योंकि इसमें मौजूद जहरीले तत्व मिट्टी और पानी को दूषित करते हैं।

उत्तर-पूर्वी दिल्ली में अवैध ई-वेस्ट कारोबारियों पर नगर निगम की कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। ई-वेस्ट पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। इसे देखते हुए उत्तर-पूर्वी जिले में अवैध रूप से ई-वेस्ट का कारोबार करने वालों पर नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। निगम के शाहदरा उत्तरी जोन कार्यालय ने मुस्तफाबाद इलाके से ई-वेस्ट के गोदामों को चिह्नित करने का कार्य शुरू किया है।
इस इलाके में 80 से अधिक गोदामों की सूची बनाई गई है, जो आवासीय परिसरों में चल रहे हैं। इनमें से 35 पर उपायुक्त द्वारा जारी नोटिस चस्पा कर दिया गया है। नोटिस में कहा गया है कि 48 घंटे के भीतर गतिविधि बंद नहीं की तो परिसर सील कर दिया जाएगा। निगम अधिकारियों ने बताया कि इन पर जुर्माना भी लगाया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि ई-वेस्ट के अनुचित निस्तारण से भूमि, जल और वायु प्रदूषण बढ़ता है। इनमें मौजूद हानिकारक रसायन जैसे सीसा, पारा और कैडमियम मानव स्वास्थ्य के लिए घातक हैं। निगम ने लोगों से भी अपील की है कि वे ऐसे अवैध कारोबारियों की जानकारी स्थानीय कार्यालय को दें, ताकि पर्यावरण की रक्षा की जा सके।
नगर निगम का यह अभियान आने वाले दिनों में अन्य इलाकों तक भी चलाया जाएगा। निगम सूत्रों की मानें तो गोकलपुरी, सीमापुरी, सीलमपुर समेत कई इलाकों में ई-वेस्ट के अवैध गोदाम व दुकानें चल रही हैं।
केमिकल की अवैध इकाइयों पर नजर, सर्वे शुरू
उत्तर पूर्वी जिले में केमिकल की अवैध इकाइयां चल रही हैं। इनसे दूषित पानी और खतरनाक केमिकल निकलते हैं। शुक्रवार को दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) की टीम ने पुलिस, प्रशासन और निगम के साथ मिलकर घोंडा में सर्वे किया। इस दौरान तीन इकाइयों को चिह्नित किया गया। काफी लोग अपनी इकाइयां बंद करके भाग खड़े हुए। दो इकाइयां सोनिया विहार में चिह्नित की गई हैं। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि इन इकाइयों को नोटिस देकर सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी।
ई-कचरे का अवैध कारोबार नहीं होने दिया जाएगा। यह पर्यावरण के लिए हानिकारक है। ऐसे गोदामो को चिह्नित कर नोटिस दिए जा रहे हैं। -पुनीत शर्मा, चेयरमैन, शाहदरा उत्तरी जोन, नगर निगम

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।