Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Delhi Crime: मंडावली में गैंगवार, दो युवकों पर चाकू से किए वार, सात दबोचे

    Updated: Sun, 09 Nov 2025 11:53 PM (IST)

    पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके में गैंगवार के चलते दो युवकों पर चाकू से हमला किया गया। इस मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह हमला दो साल पहले हुई सिराज की हत्या का बदला लेने के लिए किया गया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से हथियार भी बरामद किए हैं और मामले की जांच कर रही है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

    Hero Image

    मंडावली थाना इलाके में गैंगवार में दो युवकाें पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करने का मामला।

    जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। मंडावली थाना इलाके में गैंगवार में दो युवकाें पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करने का मामला सामने आया है। सात लोगों ने वारदात को अंजाम दिया। दो वर्ष पहले सिराज नाम के युवक की हत्या का बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया। घायल हालत में कृष्णा उर्फ किस्सू व यश उर्फ पम्मा को इलाज के लिए एलबीएस अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मंडावली थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने इस मामले में चार नाबालिग समेत सात लोगों को दबोचा है। इनकी पहचान मुख्य आरोपित सुहैल, इसके साथी यूसुफ और रिजवान के रूप में हुई है। सभी आरोपित मंडावली मजबूर कैंप के रहने वाले हैं। इनके पास वारदात में इस्तेमाल दो चाकू व एक स्कूटी और एक बाइक बरामद की है।

    पुलिस ने बताया कि शनिवार देर रात को सूचना मिली थी कि मंडावली में कृष्णा नाम के युवक के पांच से छह लोगों ने चाकू से वार किए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कृष्णा की जांघ व अन्य हिस्सों में चाकू के निशान हैं। पुलिस ने उसे एलबीएस अस्पताल में भर्ती करवाया। कुछ देर के बाद पुलिस को सूचना मिली कि मधु विहार थाना क्षेत्र में उसी गिरोह के बदमाशों ने यश नाम के युवक पर भी हमला किया है।

    यश को भी पुलिस ने अस्पताल में भर्ती करवाया, उसके सीने व अन्य हिस्से पर चाकू के निशान है। पुलिस ने केस दर्ज किया। पुलिस ने नारकोटिक्स स्क्वाड के इंचार्ज अरुण कुमार की देखरेख में एसआइ राहुल मोंगा, हेड कांस्टेबल अमित कसाना देवेश और कांस्टेबल कौशल की टीम बनाई। टीम को जांच में पता चला कि दोनों घायल दोस्त हैं।

    बदमाश कृष्णा के दोस्त मोहित को मारने के लिए आए थे। लेकिन वह भाग गया, उनके हाथ कृष्णा लग गया। उन्होंने उसपर हमला कर दिया। इसे घायल करने के बाद वह मधु विहार पहुंचे और यश पर हमला किया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मोहित दो वर्ष पहले नाबालिग था। उसने तब मधु विहार थाना इलाके के घोषित बदमाश सिराज की हत्या की थी। वह बाल सुधारगृह गया था, कुछ माह में वापस बाहर आ गया था।

    सिराज के भाई सुहैल ने अपने साथियों के साथ मिलकर अब वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों से आरोपितों की पहचान की। रविवार तड़के बदमाशों को उस वक्त दबोच लिया जब वह उत्तर प्रदेश के बिजनौर भागने की कोशिश कर रहे थे। सुहैल ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वह पिछले कई माह से अपने भाई की हत्या का बदला लेने के लिए योजना बना रहा था। वह अपने साथियों के साथ मोहित को मारने के लिए मंडावली तालाब चौक गया था।

    सभी आरोपितों को पुलिस ने दबोच लिया है। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। - अभिषेक धानिया, पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त