Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इंडिगो की लेटलतीफी से टूट रहा यात्रियों के सब्र का बांध, लगेज के लिए भी 10-10 घंटे कर रहे इंतजार

    Updated: Thu, 04 Dec 2025 11:37 PM (IST)

    इंडिगो एयरलाइंस की उड़ानों में लगातार देरी और सामान मिलने में हो रही परेशानी से यात्री बेहाल हैं। यात्रियों को अपने सामान के लिए 10-10 घंटे तक इंतजार ...और पढ़ें

    Hero Image

    प्रतीकात्मक तस्वीर।

    गौतम कुमार मिश्रा, नई दिल्ली। एक तो करेला दूजा नीम चढ़ा। इस कहावत का मर्म समझना हो तो इंडिगो के यात्रियों से उनका दर्द पूछिए, जिन्हें इन दिनों दोहरी मार का सामना करना पड़ रहा है। एक तो उड़ान में घंटों की देरी, ऊपर से यदि आप किसी तरह गंतव्य तक पहुंच भी गए तो इस बात की पूरी आशंका है कि आपको लगेज के लिए कई घंटों का इंतजार करना पड़ सकता है। पांच से छह घंटे की देरी तो सामान्य बात है। कई यात्री तो ऐसे भी हैं जिन्हें 10- 10 घंटे केवल लगेज के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    परेशान यात्री इंडिगो कर्मियों पर अपने गुस्से का इजहार कर रहे हैं। उधर इंडिगो ने यात्रियों को हो रही परेशानी पर चुप्पी साध रखी है। ज्यादा जोर देने पर इंडिगो केवल यह बता रहा कि स्थिति को सुधरने में अभी समय लगेगा।

    आईजीआई एयरपोर्ट पर मारामारी

    मोनिका चंडीगढ़ में रहती हैं। वाराणसी से इन्हें वाया नई दिल्ली चंडीगढ़ जाना था। तय समय पर पहुंचने के बाद वाराणसी एयरपोर्ट पर इनकी उड़ान विलंब के भंवर में फंस गई। पहले एक घंटा, फिर दो घंटा, फिर कुछ देर और इस तरह से करीब छह घंटे के बाद वाराणसी से इनकी उड़ान शाम साढ़े सात बजे नई दिल्ली पहुंची। यहां से इन्हें कनेक्टिंग फ्लाइट लेनी थी, जो रद कर दी गई। सब्र रखते हुए इन्होंने सोचा कि चलो, कोई बात नहीं, लगेज लेते हैं और एयरपोर्ट से बस स्टैंड की ओर निकलते हैं लेकिन इसके बाद एक बार फिर ये आईजीआई एयरपोर्ट पर इंडिगो कर्मियों की लापरवाही के कारण घंटों फंसी रही।

    न रुपया रिफंड किया न दी सर्विस

    बतौर मोनिका लगेज मिलने में हो रही देरी पर जब इंडिगो कर्मियों से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि बस आधा घंटा का आप इंतजार करें। इसके बाद यह आधा घंटा, कभी एक घंटा, कभी डेढ़ घंटा, कभी फिर एक घंटा करता हुआ पांच- छह घंटा बन गया। जब परेशान यात्रियो ने हंगामा करना शुरु किया तब उन्हें लगेज मिला। मोनिका की परेशानी यहीं खत्म हो गई हो, अगर आप ऐसा समझते हैं तो आप गलत हैं।

    मोनिका ने नई दिल्ली से चंडीगढ़ की रद हुई कनेक्टिंग फ्लाइट का किराया रिफंड मांगा तो उन्हें कहा गया कि आपको फौरन मिल जाएगा। मगर मोनिका बताती हैं अब 10 घंटे बीतने को हैं, रिफंड का कोई अता-पता नहीं है। यह परेशानी केवल मोनिका की नहीं, इंडिगो के अधिकांश यात्रियों की है।

    टूट रहा यात्रियों का सब्र

    राकेश कपूर नामक यात्री ने अपनी पीड़ा एक्स पर बयां करते हुए लिखा कि इंडिगो के काउंटर पर पर्याप्त संख्या में स्टाफ नहीं है। सभी यात्री वस्तुस्थिति की जानकारी के लिए स्टाफ से बात करना चाहते हैं। लेकिन सभी के बस की बात यह नहीं है। राकेश बताते हैं कि मैं स्वयं करीब एक घंटे तक कतार में केवल इसलिए खड़ा रहा कि स्टाफ से मैं यात्रा के बारे में जानकरी जुटा सकूं।

    लेटलतीफी से टूट रहा यात्रियों का सब्र

    परेशान यात्री अपनी पीड़ा इंटरनेट मीडिया पर साझा कर रहे हैं। आईजीआई एयरपोर्ट एक यात्री का वीडियो प्रसारित हो रहा है। वह यात्री काउंटर पर गुस्से में आकर खड़ा हो गया और कहने लगा कि मेरा बेटा बीमार है। मैं उससे मिल नहीं पा रहा हूं। विमान आखिर इतना लेट क्यों है। बाद में उसे सीआईएसएफ कर्मी ने समझाकर शांत कराया। टर्मिनल 3 पर मौजूद एक यात्री का कहना था कि चेन्नई में उनका वीजा इंटरव्यू था, जो मिस हो गया।

    इस कारण उनकी यात्रा का पूरा शेडयूल गड़बड़ा गया। अब वीजा के लिए इंटरव्यू की तिथि दोबारा कब मिलेगी या नहीं मिलेगी, इसे लेकर कुछ नहीं कहा जा सकता है। अरजीत गर्ग बताते हैं कि दिल्ली में वे सात घंटे तक एयरपोर्ट पर फंसे रहे। इनके जैसे कई और यात्री भी थे, लेकिन क्या मजाल कि आप इंडिगो स्टाफ से एक सवाल भी पूछ सकें।

    उड़ानों का रद होना जारी

    बृहस्पतिवार को भी नई दिल्ली से इंडिगो की कई उड़ानें रद हुई। आगमन व प्रस्थान दोनों को जोड़ दें तो करीब 138 उड़ानों को रद किया गया। विलंब की बात करें तो एकाध अपवाद छोड़ दें तो इंडिगो की अधिकांश उड़ानों में घंटों की देरी का सिलसिला जारी है। पांच से छह घंटे की देरी को लोग सामान्य करार दे रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि समस्या उड़ानों में देरी से नहीं, बल्कि असल समस्या उड़ानों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं करने से है।

    यह भी पढ़ें- 'पाजलुस्ता' पुतिन, भारत ने बिछाए पलक पांवड़े; पीएम मोदी ने प्रोटोकोल तोड़कर रूसी राष्ट्रपति का किया स्वागत