एशियाई देशों के विशेषज्ञों ने किया Namo Bharat कॉरिडोर का दौरा, न्यू अशोक नगर से दुहाई तक किया सफर
एशियाई देशों के परिवहन विशेषज्ञों के एक प्रतिनिधिमंडल ने नमो भारत कॉरिडोर का दौरा किया। उन्होंने न्यू अशोक नगर से दुहाई डिपो तक ट्रेन में यात्रा की और इसकी तकनीकी विशेषताओं और यात्री सुविधाओं का अनुभव किया। अधिकारियों ने परियोजना की प्रगति और शहरी गतिशीलता में सुधार के बारे में जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने दुहाई डिपो में रखरखाव कार्यों का भी निरीक्षण किया और महिला कर्मचारियों की भागीदारी की सराहना की।

मल्टी मॉडल इंटीग्रेशन की योजना से लेकर ट्रेन परिचालन तक तकनीकी पहलुओं को जाना। जागरण
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। एशियन इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रांसपोर्ट डेवलपमेंट (एआईटीडी) के एक प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को नमो भारत काॅरिडोर का दौरा किया। इसमें दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशिया के कई देशों के परिवहन विशेषज्ञ शामिल रहे।
इन्होंने न्यू अशोक नगर से दुहाई डिपो तक नमो भारत ट्रेन में यात्रा की और इसकी गति, आरामदायक सुविधाओं तथा यात्री केंद्रित डिजाइन का अनुभव किया। ट्रेन का परिचालन करने वाले राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को इसकी तकनीकी विशेषताओं और परियोजना की प्रगति से अवगत कराया।
साथ ही, बताया कि नमो भारत परियोजना किस प्रकार प्रदूषण और भीड़भाड़ को कम कर प्रमुख शहरी गतिशीलता चुनौतियों का समाधान प्रदान कर रही है।
एनसीआरटीसी द्वारा मल्टी मोडल इंटीग्रेशन (एमएमआई) के लिए किए जा रहे विभिन्न प्रयासों के बारे में भी प्रतिनिधिमंडल को विस्तृत जानकारी दी गई, यह बताया गया कि स्टेशनों को सार्वजनिक परिवहन के अन्य मौजूदा साधनों से जोड़ा जा रहा है।
इससे सार्वजनिक परिवहन के संसाधनों का एक विशाल नेटवर्क तैयार हो रहा है। दुहाई डिपो में प्रतिनिधिमंडल ने स्टेट ऑफ दी आर्ट इंस्पेक्शन बे लाइन (आईबीएल) और वर्कशाॅप का दौरा किया, जहां उन्होंने नमो भारत ट्रेन के रखरखाव के बारे में जाना। प्रतिनिधिमंडल ने ट्रेन परिचालन और स्टेशन कंट्रोल स्टाफ जैसी विभिन्न महत्वपूर्ण भूमिकाओं में महिलाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी को सराहा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।