कांग्रेस बिहार के बाद अब दिल्ली में भी निकालेगी 'मतदाता अधिकार यात्रा', भाजपा पर वोट चोरी का आरोप
कांग्रेस बिहार के बाद अब दिल्ली में भी मतदाता अधिकार यात्रा निकालेगी। देवेंद्र यादव ने बताया कि यात्रा मुस्तफाबाद से शुरू होगी। उनका आरोप है कि भाजपा और चुनाव आयोग वोट चोरी की साजिश कर रहे हैं जिसके खिलाफ लोगों को जागरूक किया जाएगा। पहले बाबरपुर में भी साइकिल यात्रा निकाली गई थी। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा लोकतंत्र को कमजोर कर रही है।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। बिहार के बाद अब कांग्रेस दिल्ली में भी मतदाता अधिकार यात्रा निकालेगी। इसकी शुरुआत बुधवार को मुस्तफाबाद से होगी। प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने मंगलवार को पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी साझा की।
उन्होंने कहा कि भाजपा और चुनाव आयोग की वोट चोरी की साजिश को दिल्ली में भी लोगों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि बुधवार की यात्रा करावल नगर जिले के मुस्तफाबाद स्थित संजय चौक, नेहरू विहार से शुरू होकर 25 फुटा रोड होते हुए दिलशाद मस्जिद पर समाप्त होगी।
यादव ने बताया कि वोट चोरी के खिलाफ 15 अगस्त को बाबरपुर जिले में भी साइकिल यात्रा निकाली गई थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा और चुनाव आयोग की वोट चोरी की साजिश को घर-घर तक पहुंचाकर लोगों को जागरूक करने का काम करेंगे कि कैसे भाजपा वोट के लोकतांत्रिक अधिकार को छीनकर सत्ता में आ रही है। वह देश में संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश कर रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व विधायक एवं संचार विभाग के अध्यक्ष अनिल भारद्वाज, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव सुशांत मिश्रा और मुस्तफाबाद की मतदाता अधिकार यात्रा के आयोजक अली मेहदी भी मौजूद थे।
मेहदी ने बताया कि मतदाता अधिकार यात्रा में करावल नगर ज़िले का हर कार्यकर्ता राहुल गांधी के नारे "वोट चोर गड्डी छोड़" को सार्थक बनाने के लिए यहाँ की पाँचों विधानसभाओं के मतदाताओं को जोड़ने का प्रयास कर रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।