भगोड़ा घोषित महिला को क्राइम ब्रांच ने दबोचा, मकोका के कई मामलों में थी वांछित
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नंद नगरी इलाके से एक भगोड़ा घोषित महिला को गिरफ्तार किया है। सुनीता नाम की यह महिला आबकारी अधिनियम और मकोका के कई मामलों में वांछित थी। वह तीन दशकों से भी अधिक समय से अवैध शराब और ड्रग्स के संगठित अपराध में शामिल थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह अपने साथियों से मिलने आने वाली है।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली में नंद नगरी थाना क्षेत्र में आबकारी अधिनियम और मकोका के कई मामलों में भगोड़ा घोषित महिला को क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपित महिला तीन दशकों से भी अधिक समय से अवैध शराब व ड्रग्स बेचने के संगठित आपराधिक गिरोह में शामिल रही है।
उसकी पहचान नंद नगरी की सुनीता के रूप में हुई है। उसे बीते वर्ष 21 दिसंबर को कड़कड़डूमा कोर्ट ने भगोड़ा घोषित किया था।
उपायुक्त हर्ष इंदौरा के मुताबिक, आठ सितंबर को हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार को गुप्त सूचना मिली कि एक आरोपित महिला अपने साथियों से मिलने के लिए वीरेंद्र नगर आने वाली है।
एसीपी राजपाल डबास की देखरेख में और इंस्पेक्टर पवन सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने जाल बिछाते हुए उसे वीरेंद्र नगर से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पता चला कि उसका जन्म रघुबीर नगर में साहसी समुदाय में हुआ था। उसकी शादी नंद नगरी के विनोद से हुई थी और उसके पांच बच्चे हैं। वह अपने पति और उसके परिवार के साथ आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हो गई और नंद नगरी थाना क्षेत्र में अवैध रूप से शराब बेचने लगी। धीरे-धीरे, वह संगठित आपराधिक गिरोह का हिस्सा बन गई, जो अवैध गांजा व स्मैक की खरीद और बिक्री में शामिल था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।