Delhi-NCR: 6 बजे 6 बड़ी खबरें: महिला SI की आवारा कुत्ते से टकराकर मौत, स्कूलों को बम से उड़ाने की मिली धमकी
दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को कई घटनाएं हुईं। महिला SI की कुत्ते को बचाने में मौत हो गई तो वहीं स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का डर सता रहा है। गाजियाबाद में सब इंस्पेक्टर रिचा सचान की सड़क हादसे में मौत हो गई। द बंगाल फाइल्स फिल्म के ट्रेलर पर रोक लगने से पल्लवी जोशी और विवेक अग्निहोत्री ने विरोध जताया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर के लिए सोमवार का दिन घटनाओं के नजरिये से काफी महत्वपूर्ण रहा। एक ओर जहां एक महिला एसआई की सड़क दुर्घटना में आवारा कुत्ते को बचाने के चक्कर में मौत हो गई तो वहीं दूसरी ओर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सभी सकते में आ गए हैं। वहीं, यमुना के पानी का जलस्तर एक बार फिर बाढ़ की आशंका को गहरा रहा है। खतरे के निशान की ओर बढ़ती धारा को देख अधिकारी भी हल्कान हैं। पढ़ें दिल्ली एनसीआर की शाम 6 बजे तक की ऐसी ही 6 खबरें, जिन्हें जानना जरूरी है...
बुलेट से घर लौट रही महिला दरोगा की मौत, कुत्ते से टकराकर गिरी; फिर...
गाजियाबाद में कवि नगर थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर रिचा सचान की बुलेट कार्ट चौक के पास एक आवारा कुत्ते से टकरा गई जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। इलाज के लिए उन्हें सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 2023 बैच की 25 वर्षीय रिचा सचान कानपुर की रहने वाली थीं। (पढ़ें विस्तार से)
द्वारका के दो स्कूलों और एक कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी
द्वारका के दो स्कूलों और एक कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। ईमेल के माध्यम से धमकी मिलने के बाद सभी स्कूल परिसरों को खाली करा दिया गया। बम निरोधक दस्ता और पुलिस टीम मौके पर जांच कर रही है। दिल्ली में स्कूलों को बम से धमकी मिलने का सिलसिला जारी है। (पढ़ें विस्तार से)
दिल्ली वालों को सता रहा बाढ़ का डर, पानी का जलस्तर देख अटकीं सांसें
दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर फिर से खतरे के निशान को पार कर गया है जिससे यमुना तट के पास रहने वाले लोगों में चिंता बढ़ गई है। हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद नदी में उफान आया है। प्रशासन स्थिति पर नजर रख रहा है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। यमुना का जलस्तर 205.33 मीटर तक पहुँच गया है। (पढ़ें विस्तार से)
The Bengal Files: पल्लवी जोशी और विवेक अग्निहोत्री बोले, हम पर हमला
फिल्म द बंगाल फाइल्स रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है। ट्रेलर जारी होने के बाद पश्चिम बंगाल में इसे पुलिस ने रुकवा दिया। अभिनेत्री पल्लवी जोशी और निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विरोध जताया। पल्लवी जोशी ने कहा कि ट्रेलर लांचिंग रोकने की पुलिसिया कार्रवाई से फिल्म यूनिट आहत है। फिल्म नोआखाली में हुए नरसंहार पर आधारित है जहाँ महिलाओं को सुरक्षा नहीं मिली। (पढ़ें विस्तार से)
CBSE का बड़ा फैसला, अब बदल जाएगा कॉपियों की जांच का तरीका
सीबीएसई ने कॉपियों की जांच के लिए डिजिटल मूल्यांकन को मंजूरी दी है। इसका उद्देश्य मूल्यांकन में लगने वाले समय को कम करना और सटीकता बढ़ाना है। पहले पायलट प्रोजेक्ट होगा फिर इसे सभी विषयों में लागू किया जाएगा। इस प्रणाली से मानवीय त्रुटियों की संभावना कम होगी और कॉपियों की गोपनीयता भी सुनिश्चित हो सकेगी। (पढ़ें विस्तार से)
मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा से करीब साढ़े आठ किलो गहने ले गए थे बदमाश
गुरुग्राम के सेक्टर पांच में मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी में हथियारबंद बदमाशों ने 9 करोड़ रुपये के सोने के जेवर लूट लिए। शाखा से 323 पैकेट सोना गायब पाए गए। बदमाश ऑडिटर बनकर आए थे और हरियाणवी भाषा बोल रहे थे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। (पढ़ें विस्तार से)
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।