दिल्ली में रह रहा बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, 3 महीने से महरौली में छिपा हुआ था शख्स
दिल्ली पुलिस ने एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है जो मेडिकल वीजा पर भारत आया था और वीजा अवधि खत्म होने के बाद भी महरौली में छिपा हुआ था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर निर्वासन केंद्र भेज दिया है। शख्स को जल्द ही वापस बांग्लादेश भेज दिया जाएगा। एलजी के निर्देश के बाद से राजधानी में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली जिला पुलिस की एंटी स्नैचिंग सेल ने दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। वह उपचार कराने के लिए भारत आया था। वीजा अवधि खत्म होने के बाद महरौली में छिपा हुआ था। पुलिस ने कानूनी औपचारिकता के बाद उसे निर्वासन केंद्र भेज दिया।
पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि आरोपित की पहचान सदीकुर रहमान के रूप में हुई है। जिले की एंटी-स्नैचिंग सेल के प्रभारी इंस्पेक्टर हरि सिंह की टीम को भारत में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी घुसपैठियों का पता लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बांग्लादेश के सुनामगंज का रहने वाला है आरोपित
छानबीन के दौरान टीम को पता चला कि एक बांग्लादेशी अवैध रूप से महरौली में रह रहा है। इस पर पुलिस ने उसे महरौली से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित सदीकुर रहमान बांग्लादेश के सुनामगंज का रहने वाला है। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि वह मेडिकल वीजा पर भारत आया था।
एजेंट के माध्यम से बंगाल से आया था दिल्ली
वीजा की अवधि खत्म होने के बाद दिल्ली में अलग अलग जगह छिप रहा था। वह तीन महीने से महरौली में छिपा था। उसने बताया कि वह एक एजेंट के माध्यम से बंगाल से दिल्ली आया था। पुलिस ने उसे पूछताछ के बाद विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) के निर्वासन केंद्र भेज दिया है। यहां से उसे बांग्लादेश वापस भेज दिया जाएगा।
रोहिंग्या के खिलाफ हो कड़ी कार्रवाई: चंदन चौधरी
संगम विहार विधानसभा से भाजपा विधायक चंदन चौधरी ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही रोहिंग्या मुसलमानों की संख्या को लेकर चिंता जाहिर की है। उन्होंने यह मुद्दा दिल्ली विधानसभा में उठाया। चंदन चौधरी ने कहा कि संगम विहार में रोहिंग्या मुसलमानों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यह गंभीर चिंता का विषय है।
पूर्व जनप्रतिनिधियों के सहयोग से अनेक रोहिंग्या नागरिकों को मतदाता पहचान पत्र एवं आधार कार्ड तक प्रदान कर दिए गए हैं। इससे उनकी अवैध बसावट को बढ़ोत्तरी मिल रही है। इस क्षेत्र में कुछ बड़े अपराधी भी पकड़े गए हैं।
इससे संदेह पैदा होता है कि कुछ पुलिसकर्मियों की मिलीभगत से भी क्षेत्र रोहिंग्याओं के लिए सुरक्षित ठिकाना बनता जा रहा है। इसके अलावा बाहरी वाहनों को लाकर उनके नंबर बदले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन द्वारा इस क्षेत्र में गहन जांच कराई कराकर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।