दिल्ली में बड़े अजीब तरीके से हुई लूट, बदमाशों ने टेंपो चालक को लगाया इंजेक्शन; फिर लेकर भाग गए ये जरूरी सामान
पूर्वी दिल्ली में वजीराबाद रोड पर दिनदहाड़े एक टेंपो चालक को इंजेक्शन लगाकर बेहोश किया गया और उसके टेंपो से छह टन तांबा लूट लिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित मनीष कुमार ने बताया कि वह लिबासपुर से स्क्रैप लेकर मंडोली जा रहे थे तभी बदमाशों ने उन्हें रोका और इंजेक्शन लगाकर बेहोश कर दिया। पुलिस को रेकी का शक है।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। बदमाशों ने दिनदहाड़े वजीराबाद रोड पर एक अलग तरीके से लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने टेंपो चालक को इंजेक्शन लगाकर बेहोश किया और टेंपो के अंदर से छह टन कापर लूटकर ले गए।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश टेपों व चालक को बेहोशी की हालत में छोड़कर भाग गए। राहगीरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने टेंपो चालक को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में भर्ती करवाया।
पीड़ित मनीष कुमार की शिकायत पर न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस को शक है रेकी करके बदमाशों ने वारदात की है। इसमें कारोबारी व पीड़ित के किसी करीबी का हाथ हो सकता है।
मनीष कुमार (27) परिवार समेत बुराड़ी में रहते हैं। वह टेंपो चलाते हैं। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह नाै सितंबर की सुबह लिबासपुर क्षेत्र के एक गोदाम से छह टन स्क्रैप लेकर मंडोली जा रहे थे। बाहरी रिंग रोड होते हुए दिन में 11 बजे सिग्नेचर ब्रिज पार कर वजीराबाद रोड पर पहुंचे।
आरोप है कि एक कार में सवार चार बदमाशों ने ओवरटेक करके उनके टेंपो को रोक लिया। आरोपितों ने पीड़ित से कहा कि बैंक से आए हैं। टेंपो के लोन की की किश्त जमा नहीं हो रही है। पीड़ित अपने मालिक को फोन करने लगे।
इसी दौरान बदमाश टेंपो के अंदर आ गए। पीड़ित कुछ समझ पाते एक बदमाश ने उनके हाथ पर इंजेक्शन लगा दिया। वह बेहोश हो गए। जब उन्हें होश आया तो वह अस्पताल में भर्ती थे। करीब पांच घंटे के बाद उन्हें होश आया था। टेंपो से कापर, उनका मोबाइल समेत कई सामान गायब था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।