Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दहेज के लिए पत्नी की हत्या का आरोप, लंदन से शव लाने की कोशिश में जुटे परिजन; बोले- बेटी का हत्यारा आ चुका है भारत

    By Sonu Rana Edited By: Geetarjun
    Updated: Sun, 24 Nov 2024 10:14 PM (IST)

    लंदन में 24 वर्षीय हर्षिता की हत्या के मामले में उसके परिजन इंसाफ की गुहार लगा रहे हैं। उनका आरोप है कि हर्षिता के पति पंकज ने दहेज के लिए उसकी हत्या कर दी। हर्षिता के परिजन जल्द से जल्द उसका शव लंदन से दिल्ली लाने और आरोपी को सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि आरोपी भारत आ चुका है।

    Hero Image
    दिल्ली की रहने वाली हर्षिता की लंदन में हत्या।

    जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। लंदन में हुई 24 वर्षीय बेटी हर्षिता की हत्या से पालम इलाके में रहने वाला पूरा परिवार सदमे में है। अब उनके स्वजन जल्द से जल्द उनकी बेटी के शव को लंदन से दिल्ली लाने व आरोपी को पकड़कर सख्त सजा दिलवाने की मांग कर रहे हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    स्वजन का आरोप है कि उनकी बेटी का हत्यारा भारत आ चुका है। यहां पर कोई भी पुलिस कर्मी उनकी मदद करने को तैयार नहीं है। ऐसे में उसे सजा कैसे मिलेगी।

    शादी के एक महीने पर हर्षिता पहुंची लंदन

    पालम इलाके की सोनिया ने बताया कि उनकी छोटी बहन हर्षिता की 22 मार्च को शादी हुई थी। आरोपी पंकज शादी से एक दिन पहले भारत आया था और फिर दो दिन बाद 24 मार्च को वापस चला गया था। अगले महीने 30 अप्रैल को हर्षिता लंदन पहुंच गई थी। वहां पहुंचते ही एक सप्ताह के अंदर उसको काम पर लगा दिया।

    पत्नी से कराता था ओवरटाइम

    आरोप है कि पंकज खुद गाड़ियों में घूमता था और उसे साइकिल दे रखी थी। वह उस पर ओवरटाइम काम करने को लेकर भी दबाव बना रहा था। साथ ही हर्षिता को अपने घर से पैसे मंगवाने के लिए कहता था और उससे मारपीट करता था।

    बेटी के पिता ने बेचा एक प्लॉट

    हर्षिता ने उन्हें बताया था कि वह कहता था कि उसे यहां पर खुद का घर लेना है, इसलिए उस पर दबाव बनाया जा रहा था। जब हर्षिता से मारपीट की गई तो पंकज के स्वजन उनके घर आए व उन्हें धमकी देकर गए। जब हर्षिता से मारपीट की गई तो बेटी की परेशानी को देखते हुए पिता ने एक प्लॉट को बेच दिया था।

    इसके कुछ पैसे आ गए थे और कुछ फरवरी में आने वाले थे। इसी बीच उन्हें हर्षिता की हत्या की जानकारी मिली।

    आरोपी भारत में आ चुका

    आरोपी पर कार्रवाई करवाने के लिए वह 15 नवंबर को पालम थाने गए। इसके बाद और उच्च अधिकारियों के पास गए, लेकिन उनकी किसी ने मदद नहीं की। स्वजन का कहना है कि आरोपी भारत में आ गया है। अगर उसके खिलाफ यहां पर केस दर्ज नहीं होगा तो वह पकड़ में नहीं आएगा।

    सोनिया ने बताया कि उनके मामा का दोस्त लंदन में है। वह शव को भारत भेजने का इंतजाम कर रहे हैं। इसलिए उन्होंने शनिवार को जरूरी दस्तावेज उन्हें भेजे।

    हर रोज घर पर बात करती थी हर्षिता

    हर्षिता घर पर रोज रात को बात करती थी। स्वजन की आखिरी बार दस नवंबर को हर्षिता से वीडियो कॉल पर बात हुई थी। इस दौरान वह खाना बना रही थी। इसके बाद वॉट्सऐप पर भेजे गए मैसेज को नहीं पढ़ा गया था।

    उन्होंने हर्षिता व उसके पति पंकज को कॉल किया, लेकिन दोनों से संपर्क नहीं हो पाया। तीन दिन तक दोनों से संपर्क न होने पर स्वजन ने लंदन में अपने जान पहचान के लोगों से बात की। 14 नवंबर को हर्षिता का शव कार की डिग्गी से बरामद हुआ।

    लड़की के परिजनों को पति पर हत्या का शक

    उनकी गला घोंटकर हत्या की गई थी। स्वजन को शक है कि उसके पति पंकज ने ही उसकी हत्या की है, क्योंकि शादी के बाद से वह हर्षिता के पैसों पर नजर रखता था। उसने हर्षिता को आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान किया था।

    ये भी पढ़ें- दिल्ली में खाली प्लॉट ने तीन साल की बच्ची की ली जान, सुबह खेलने निकली बाहर फिर लौटी घर

    अगले महीने मनाने वाली थी जन्मदिन

    स्वजन ने बताया कि हर्षिता का जन्मदिन क्रिसमस पर आता है। वह क्रिसमस पर अपना जन्मदिन मनाने को लेकर काफी खुश थी, लेकिन उसकी खुशी पंकज को रास नहीं आई।