Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    VIDEO: दिल्ली के बुराड़ी में तेंदुए ने कई लोगों पर किया हमला, निवासियों में दहशत

    Updated: Mon, 01 Apr 2024 10:06 AM (IST)

    दिल्ली के बुराड़ी में सोमवार को एक तेंदुआ रिहायशी इलाके में घुस आया जिससे लोगों में दहशत फैल गई। इस घटना का वीडियो सामने आया है जिसमें तेंदुआ छत से कूद रहा है और लोग घबराकर उसे कैमरे में कैद करने की कोशिश कर रहे थे। जगतपुर गांव में तेंदुए ने कई लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।

    Hero Image
    VIDEO: दिल्ली के बुराड़ी में तेंदुए ने कई लोगों पर किया हमला, निवासियों में दहशत

    जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। राजधानी के बुराड़ी क्षेत्र के जगतपुर गांव में सोमवार सुबह करीब छह बजे एक तेंदुए ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। हमले में दिल्ली पुलिस के जवान और उनके भाई समेत लगभग 10 लोग घायल हो गए। घायलों में एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    घंटे भर की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने तेंदुए को गली में घेर लिया, इसी दौरान तेंदुआ एक मकान के कमरे में घुस गया। करीब छह घंटे बाद वन एवं वन्य जीव विभाग की टीम ने तेंदुए को बेहोश किया और पिंजरे में बंद कर अपने साथ ले गए।

    जगतपुर गांव की गली नंबर-1 में अचानक घरों की छत पर तेंदुआ देखकर लोग सहम गए। इसके बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई, इस कारण तेंदुआ भी बदहवासी में इधर-उधर भागने लगा। इस दौरान तेंदुए को जो भी मिला, उस पर हमला कर दिया।

    सबसे पहले तेंदुए को देखने वाले ग्रामीण सतीश ने बताया कि सुबह छह बजे अचानक पक्षियों का शोर सुन वे अपने मकान की छत पर गए तो पड़ोसी की छत पर तेंदुआ दिखा। इसके बाद तेंदुआ छत से नीचे गली में पहुंच गया और वहां एक युवक लीलू पर हमला कर दिया।

    सतीश बचाने के लिए गए तो तेंदुए ने उन्हें भी पंजा मारकर घायल कर दिया। इसके बाद तेंदुआ जगदीश के बंद पड़े गोदाम में घुस गया। लगभग आधा घंटा गोदाम में रहा। इसी दौरान तेंदुए का सामना करने के लिए बड़ी संख्या में युवक लाठी-डंडे लेकर गली में जमा हो गए।

    गोदाम से निकलकर तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। हमले में दिल्ली पुलिस के जवान विपिन और उनके छोटे भाई नितिन सहित कई लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल नितिन को परमानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भीड़ के हमले के बाद तेंदुआ विपिन व नितिन के मकान के एक कमरे में घुस गया।

    सूचना पर पहुंचे वन्य जीव विभाग के कर्मचारियों ने कमरे के दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया। तब कहीं ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। रविवार रात में बुराड़ी पुस्ते पर भी तेंदुआ दिखाई दिया था। गली नंबर-1 में लगे सीसीटीवी कैमरे में तेंदुआ रविवार रात एक प्लाट की ओर जाते हुए नजर आ रहा है।