दिल्ली में बाढ़ ने अपने साथ बीमारियां भी लाई, दस में से छह लोग त्वचा और आंख के संक्रमण से हो रहे ग्रस्त
दिल्ली में बाढ़ के बाद राहत शिविरों में संक्रमण फैल रहा है। यमुना के जल स्तर से प्रभावित हजारों लोग शिविरों में रह रहे हैं जहां त्वचा और आंखों के संक्रमण तेजी से बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग सक्रिय है और दवाइयां पहुंचा रहा है। यमुना बाजार में त्वचा रोगियों की संख्या अधिक है। डॉक्टरों ने साफ सफाई रखने की सलाह दी है।

शुजाउद्दीन, पूर्वी दिल्ली। राजधानी में बाढ़ अपने साथ बीमारियां भी लेकर आई है। यमुना के जल स्तर से प्रभावित हुए हजारों लोग पिछले कुछ दिनों से राहत शिविरों में रह रहे हैं। यहां त्वचा व आंखों के संक्रमण की बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। दस में से छह लोग इस संक्रमण से जूझ रहे हैं। राहत शिविरों में लगे मेडिकल कैंप में सबसे ज्यादा रोगी संक्रमण के हैं। बुखार के मरीज भी बढ़ते जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग इसकाें लेकर सक्रिय हो गया है। शिविरों में संक्रमण की दवाईयां ज्यादा पहुंचाई जा रही हैं।
ऐसा नहीं है कि यह संक्रमण एक ही जगह फैल रहा है। मयूर विहार फेज-एक, डीएनडी, पुराना लोहापुल, यमुना बाजार, जैतपुर, पुराना उस्मानपुर व पुराना गढ़ी मेंडू, सोनिया विहार, कश्मीरी गेट, बदरपुर खादर गांव में लगाए गए राहत शिविरों में संक्रमण फैला हुआ है।
यमुना बाजार के करीब तीन सौ लोग त्वचा रोग से पीड़ित हैं। उनके पैरों में जख्म हो गए हैं। डाक्टरों का कहना है कि यमुना का बहाव बहुत तेज है। पानी के साथ कई तरह की चीजें बहकर आ रही हैं। जो लोग यमुना के पानी के संपर्क में हैं, उन्हें त्वचा व आंखों का संक्रमण हो रहा है। हाथ, पैरों के साथ शरीर के कई हिस्सों में खुजली हो रही है। खुजाने से घाव भी पड़ रहे हैं। आंखों में लालपन आने के साथ पानी आ रहा है।
मयूर विहार के शिविर में लोगों का इलाज कर रही डा. वीना ने बताया कि शुक्रवार को शिविर में करीब 150 मरीज आए। इसमें करीब सौ मरीज त्वचा व आंखों के संक्रमण वाले थे। हर एक आयु वर्ग के लोगों को संक्रमण हो रहा है। इसके पीछे की वजह यमुना का पानी व मौजूदा मौसम है। रोगियों को त्वचा के लिए क्रीम व आंखों के लिए आईड्राप दी जा रही है। उन्हें सलाह दी जा रही है किसी दूसरे व्यक्ति के संपर्क में न आएं। शरीर व आंखों को साफ रखें।
दो दिनों से आंखों में लालपन है, पानी आ रहा है। मेडिकल कैंप में गया तो डाक्टरों ने कहा संक्रमण हो गया है। आइड्रॉप दी है। - अजय, मयूर विहार फेज-एक
तीन दिन से मेरे चेहरे व हाथ पर संक्रमण हो गया है। पहले लगा अपने आप ठीक हो जाएगा। बृहस्पतिवार को कैंप मेें डाक्टर से दवाई ली। - राम कुमार, पुराना लोहापुल
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।