Delhi Weather: दिल्ली में लगातार तीसरे दिन जारी रहा बारिश का दौर, IMD ने बताया अगले दिनों के मौसम का हाल
दिल्ली में लगातार तीसरे दिन बारिश हुई जिससे तापमान में गिरावट आई। मौसम विभाग का अनुमान सटीक नहीं रहा पहले ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किए गए फिर येलो अलर्ट जारी किया गया। बुधवार को सुबह से शाम तक 15.2 मिमी बारिश दर्ज की गई रिज क्षेत्र में सबसे ज्यादा बारिश हुई। वायु गुणवत्ता सूचकांक संतोषजनक श्रेणी में रहा और आने वाले दिनों में भी हल्की बारिश की संभावना है।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में बुधवार को लगातार तीसरे दिन हल्की से लेकर भारी बारिश का दौर जारी रहा। दिन भर आसमान में बादल छाए रहे और धूप भी नहीं निकली। मौसम विभाग की मानें तो अभी तीन-चार दिन और बारिश के आसार हैं।
हैरानी की बात यह है कि मौसम विभाग मानसूनी बारिश का सटीक अनुमान लगाने में लगातार नाकाम साबित हो रहा है। बुधवार से लेकर मंगलवार रात तक कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया। जबकि बुधवार को दिन में पहले ऑरेंज और फिर रेड अलर्ट जारी किया गया। जब यह भी सही नहीं निकला तो इन्हें वापस लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया।
मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, बुधवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक राजधानी में 15.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 59.6 मिमी बारिश रिज पर और 54.8 मिमी आयानगर में दर्ज की गई।
बारिश के कारण शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री कम 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री कम 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 100 से 74 प्रतिशत रहा।
मौसम विभाग ने गुरुवार को भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 33 डिग्री सेल्सियस और 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
दूसरी ओर, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 57 यानी "संतोषजनक" श्रेणी में दर्ज किया गया। फिलहाल इसके इसी श्रेणी में बने रहने की संभावना है।
दिल्ली में बुधवार सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक बारिश (मिमी में)
Location | Rainfall (mm) |
---|---|
सफदरजंग | 15.0 |
पालम | 22.0 |
लोधी रोड | 18.2 |
रिज | 59.6 |
आयानगर | 54.8 |
राजघाट | 0.9 |
पूसा | 13.0 |
नजफगढ़ | 5.0 |
मयूर विहार | 38.0 |
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।