पटेल नगर में सीवर जाम, सड़कों पर गंदा पानी; निवासियों ने प्रदर्शन कर दे दी चेतावनी
पटेल नगर और प्रेम नगर में सीवर लाइनें जाम होने से सड़कें गंदे पानी से भर गई हैं जिससे निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या के कारण बच्चों और बुजुर्गों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। दुकानदारों का व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है। निवासियों ने जल्द समाधान न होने पर प्रदर्शन की चेतावनी दी है।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। पटेल नगर विधानसभा क्षेत्र में स्थित बलजीत और प्रेम नगर में सीवर लाइनें जाम होने से सड़कें गंदे पानी और गाद से भर गई हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह समस्या पिछले एक माह से बनी हुई है। लेकिन, अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
यहां के स्थानीय निवासियों ने बताया कि सड़कों पर बहता बदबूदार पानी और नालों से निकली गाद के कारण बच्चें और बुजुर्गों का घर से बाहर निकलना दूभर कर दिया है।
यहां सीवर लाइन पूरी तरह जाम है। इस कारण सीवर का गंदा पानी सड़कों पर भर गया है। शिकायत करने पर अधिकारी आते हैं, लेकिन केवल फोटो खिंचवा कर चले जाते हैं।
दूसरी तरफ स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि यहां हर दिन लोगों को गंदगी से गुजरना पड़ता है। जिससे दुकानों पर ग्राहक आने से भी कतराने लगे हैं और इसका असर उनके कारोबार पर पड़ रहा है।
लोगों ने स्थानीय विधायक और पार्षद से शिकायत कर समस्या के समाधान की गुहार लगाई है, लेकिन सफाई कर्मचारी केवल अस्थायी सफाई कर समस्या को टाल देते है। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
वहीं, नबी करीम क्षेत्र के हालात भी कुछ अलग नहीं हैं। यहां सड़कों और गलियों में कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। सफाई की नियमित व्यवस्था न होने से आसपास के दुकानदार और निवासी परेशान हैं।
यह इलाका राजधानी का प्रमुख व्यावसायिक और पर्यटक क्षेत्र है, लेकिन यहां की स्थिति बहुत गंभीर है। यहां पर कूड़ा निस्तारण की भी कोई उचित व्यवस्था नहीं है। गंदे पानी के कारण डेंगू, मलेरिया और त्वचा संबंधी रोगों का खतरा बढ़ रहा है।
स्थानीय लोगों के बयान
घर के सामने एक महीने से सीवर का पानी जमा है। बदबू के कारण बच्चों को घर में बंद करके रखना पड़ता है। बच्चों और बुजुर्गों ने गंदगी के कारण बाहर निकलना बंद कर दिया है।
- बशीर अहमद, स्थानीय निवासी, नबी करीम क्षेत्र।
ग्राहक दुकान तक आने से डरते हैं। दो दिन के लिए सफाई होती है। बारिश आते ही स्थिति पहले की तरह हो जाती है। यहां लोग हर रोज गंदगी के बीच से आवागमन करने को मजबूर है।
- राकेश साहनी, स्थानीय निवासी- प्रेम नगर।
यह केवल असुविधा नहीं बल्कि एक स्वास्थ्य संकट है। डेंगू और मलेरिया का डर हर घर में है। स्थानीय निकाय सिर्फ खानापूर्ति करते हैं। अब स्थायी ड्रेनेज व्यवस्था बनाई जानी चाहिए।
- संजय कपूर, स्थानीय निवासी- बलजीत नगर।
यहां सीवर जाम होने के कारण गंदा पानी सड़को पर भर गया है। सड़कें तालाब बन गई है। जिसका असर यहां के लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है।
- सुनील मल्होत्रा, स्थानीय निवासी- नबी करीम।
पटेल नगर विधानसभा में बलजीत और प्रेम नगर में सीवर ओवरफ्लो की शिकायत मिली है। इस इलाकें में सीवर लाइन सालों से साफ नही हुई है। यहां पर सफाई के लिए कर्मचारियों को आदेश दे दिया गया है। सफाई में समय लगेगा।
- प्रवेश रतन, विधायक, पटेल नगर विधानसभा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।