Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली में पहली बार होने जा रही 'पिंक रामलीला', 32 कलाकारों की मंडली दिखाएगी अभिनय का दम

    Updated: Mon, 08 Sep 2025 07:37 PM (IST)

    पूर्वी दिल्ली में पहली बार पिंक रामलीला का आयोजन होने जा रहा है। आईपी एक्सटेंशन में होने वाले इस महोत्सव में सभी किरदार जिनमें प्रभु श्रीराम हनुमान और रावण शामिल हैं महिलाओं द्वारा निभाए जाएंगे। वैदेही ट्रस्ट की इस पहल का उद्देश्य महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है। मुरादाबाद की 32 महिला कलाकारों की मंडली इस रामलीला का मंचन करेगी जो 22 सितंबर से 3 अक्टूबर तक चलेगी।

    Hero Image
    आईपी एक्सटेंशन में होने जा रहा है पिंक रामलीला का आयोजन। जागरण

    आशीष गुप्ता, पूर्वी दिल्ली। देश की राजधानी में रामलीला मंचन का नया रूप देखने को मिलेगा। पहली बार पिंक रामलीला होने जा रही है। आईपी एक्सटेंशन में श्रीजी पिंक रामलीला महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है।

    जिन पात्रों को सदियों से पुरुष कलाकार मंच पर साकार करते आए हैं, उन्हें भी महिलाएं ही अपने अभिनय से जीवंत करेंगी। प्रभु श्रीराम की मर्यादा, हनुमान की भक्ति और रावण का अहंकार समेत सभी संवाद महिला कलाकारों के स्वर और भावों में ढलकर मंच पर नया आकर्षण बिखेरेगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यह पहल न केवल सांस्कृतिक परंपरा को नया आयाम देगी, बल्कि नारी शक्ति के आत्मविश्वास और प्रतिभा का भी सशक्त प्रदर्शन होगी। इस रामलीला का मंचन दर्शकों के लिए रोमांचक अनुभव होगा। इसमें भक्ति रस के साथ सामाजिक संदेश होगा।

    पूर्वी दिल्ली वैदेही ट्रस्ट ने पिंक रामलीला के लिए पहल की है। यह संस्था महिलाओं के उत्थान के लिए काम करती है। इन्होंने आईपी एक्सटेंशन में पूर्वी जिला डीसीपी कार्यालय के पास डीडीए के कम्युनिटी सेंटर की भूमि पर रामलीला का मंच बनाने का काम शुरू कर दिया है।

    ट्रस्ट की अध्यक्ष मंडावली निवासी विनीता गुप्ता ने बताया कि जुलाई में दिल्ली में पहली बार दिलशाद गार्डन व नंद नगरी में पिंक कांवड़ शिविर लगे थे। तब बेटी श्रुति से उसे लेकर चर्चा हो रही थी।

    बातों-बातों में बेटी ने कहा कि इसकी तरह पिंक रामलीला का आयोजन किया जा सकता है। वहीं से प्रेरित लेकर पिंक रामलीला करने का मन बनाया, तय किया महिलाएं ही इसमें काम करेंगी। फिर महिला कलाकारों की तलाश शुरू की गई।

    इसी दौरान रामलीला में अभिनय से करने वाली मुरादाबाद की एक मंडली के बारे में मालूम हुआ कि उसकी निर्देशक महिला है। उनसे बातचीत की गई तो वह केवल महिला कलाकारों के साथ रामलीला मंचन के लिए तैयार हो गईं।

    उन्होंने बताया कि रामलीला में राजा दशरथ, प्रभु श्रीराम, हनुमान, भरत, शत्रुघ्न, रावण, ऋषि वशिष्ठ से लेकर सभी पुरुष पात्रों को भी महिलाएं अपने अभिनय से जीवंत करेंगी। उन्होंने बताया कि 22 सितंबर से तीन अक्टूबर तक आयोजना होगा। रामलीला के साथ बच्चे झूले और खानपान का आनंद ले सकेंगे।

    32 कलाकारों की मंडली संग सजेगा मंच

    रामलीला में मंचन करने वाली मंडली में 32 महिला कलाकार शामिल हैं। मुरादाबाद की ममता रानी इस मंडली की निर्देशिका हैं। वह दो वर्षों से यह काम कर रही हैं। ममता बुटिक चलाती हैं, लेकिन नए क्षेत्र में कुछ करने की इच्छा से प्रेरित होकर वह नाट्य मंचन की राह चल पड़ी हैं।

    ममता बताती हैं कि उनकी मंडली में अभिनय करने वाली महिला कलाकारों में कोई गृहिणी हैं तो कुछ नौकरी और सिलाई का काम करतीं हैं। उन्होंने बताया कि वह दो दिन बाद मुरादाबाद में ही प्रैक्टिस शुरू करेंगी।

    1800 वर्ग फीट का होगा मंच

    रामलीला का मंच 1800 वर्ग फीट का होगा। मंचन करने वाली मंडली के अनुसार उसे तैयार कराया जा रहा है। इसमें संवाद रिकार्डेड होंगे। कलाकार मंच पर अभिनय करते हुए डायलॉग पर लिप सिंक करेंगे।

    यह पहल महिला सशक्तीकरण की ओर एक कदम है। इस रामलीला में लोगों को नए अनुभव की अनुभूति होगी। महिला कलाकारों को मंच देने का प्रयास भी किया गया है।

    -विनीता गुप्ता, अध्यक्ष, पूर्वी दिल्ली वैदेही ट्रस्ट

    मेरी मंडली में सभी महिलाएं अभिनय में पारंगत हैं। दिल्ली के लोगों को नया अनुभव होगा। प्रैक्टिस जल्द शुरू करेंगे।

    - ममता रानी, निर्देशक

    यह भी पढ़ें- दिल्ली में आवारा कुत्तों के लिए बनाए जाएंगे 1000 फीडिंग प्वाइंट, हर वार्ड में चुने जाएंगे तीन से चार स्थान