दर्दनाक: क्रेन के पहिये से कुचलकर बाइक सवार की मौत, होटल से खाना खाकर लौट रहा था युवक
दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में एक दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई। आकाश नामक युवक अपने दोस्त के साथ खाना खाकर लौट रहा था तभी उनकी बाइक एक क्रेन से टकरा गई। टक्कर में आकाश का सिर क्रेन के पहिए के नीचे आ गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। बाहरी दिल्ली में मंगोलपुरी इलाके में दोस्त के साथ होटल से खाना खाकर लौट रहे एक युवक की बाइक क्रेन से टकरा गई।
हादसे में बाइक चला रहा युवक क्रेन के पहिये के नीचे आ गया। सिर कुचलने के कारण युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान आकाश के रूप में हुई है।
इस हादसे में मृतक का दोस्त बाइक मालिक अविनाश को मामूली चोट आई। उसे प्राथमिक इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
पीड़ित ने चालक पर अचानक ब्रेक मारने और क्रेन को उनकी तरफ मोड़ने का आरोप लगाया है। घटना के बाद चालक क्रेन को मौके पर छोड़ कर भाग गया। पुलिस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने से मौत का मामला दर्ज कर आरोपित चालक का पता लगा रही है।
जानकारी के मुताबिक 33 वर्षीय अविनाश अपने परिवार के साथ सुल्तानपुरी इलाके में रहता है। परिवार में माता-पिता, पत्नी और दो बच्चे हैं। वह दिल्ली नगर निगम में कार्यरत है। अविनाश ने बताया कि उसका दोस्त आकाश पड़ोस में रहता है।
वहीं, सात सितंबर की रात आकाश उसे एस ब्लाक सुल्तानपुरी में मिला। फिर दोनों ने पीरागढ़ी स्थित एक होटल में खाना खाने गए। खाना खाने के बाद देर रात करीब 12 बजे बाइक से घर जा रहे थे। बाइक आकाश चला रहा था। मंगोलपुरी फ्लाइओवर के नीचे मधुबन चौक बी ब्लाक लालबत्ती से पहले यूटर्न के पास गुजरात नंबर की एक बड़ी क्रेन उनके आगे चल रहा था।
अविनाश ने आरोप है कि क्रेन चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी और गाड़ी को उनकी तरफ मोड़ दी। इस दौरान आकाश बाइक को नियंत्रित नहीं कर पाया और बाइक क्रेन से जाकर टकरा गई। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर गए। आकाश का सिर क्रेन के पहिए के नीचे आ गया। वहीं, तुरंत ही गश्त कर रहे पीसीआर कर्मी भी मौके पर पहुंच गई।
यह भी पढ़ें- 150 घरों पर अचानक पहुंचे नोटिस, देखते ही उड़े लोगों के होश; दिल्ली की इस VIP कॉलोनी में क्यों डर का माहौल?
पुलिस ने घायल आकाश और अविनाश को इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल में लेकर गई। मंगोलपुरी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। जहां पुलिस को क्षतिग्रस्त बाइक और क्रेन खड़ी मिली। वहां छानबीन करने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची। जहां पता चला कि डॉक्टरों ने आकाश को मृत घोषित कर दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।