शास्त्री पार्क इलाके में यमुना के पानी में डूबने से किशोर की मौत, दोस्त के साथ नहाने के लिए गया था नाबालिग
पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में यमुना नदी में डूबने से 16 वर्षीय मोहम्मद कैफ की मौत हो गई। वह अपने दोस्त के साथ नहाने गया था तभी यह हादसा हुआ। गोताखोरों ने उसे बाहर निकाला लेकिन अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। शास्त्री पार्क इलाके में एक यमुना के पानी में डूबने से 16 वर्षीय नाबालिग की मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहम्मद कैफ के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मोहम्मद कैफ अपने परिवार के साथ शास्त्री पार्क बुलंद मस्जिद क्षेत्र में रहते थे। परिवार में पिता अब्दुल सत्तार व अन्य सदस्य हैं। पिता का कपड़ों का काम है। कैफ भी इस काम में पिता का साथ देता था। परिवार ने बताया कि कैफ अपने एक दोस्त के साथ इलाके में घूम रहा था। शाम साढ़े छह बजे के वक्त वह दोनों शास्त्री पार्क चौक के पास यमुना खादर गए थे।
पुलिस ने बताया कि कैफ पानी में नहाने लगा। गहराई की वजह से वह पानी में डूबता चला गया। दोस्त ने घर आकर मामले की सूचना दी। परिवार ने पुलिस को बताया। मौके पर पहुंचे गोताखाेरों ने कैफ को बाहर निकाला। पुलिस ने उसे अचेत हालत में जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।