Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    दिल्ली में दिनभर हुई राजनीति, फिर शाम को कोंडली नहर में छठ के लिए छोड़ा गया पानी

    Updated: Mon, 27 Oct 2025 11:26 AM (IST)

    पूर्वी दिल्ली के कोंडली नहर में छठ पूजा को लेकर दिनभर राजनीति गरमाई रही। आप ने दिल्ली सरकार पर निशाना साधा। पानी न होने पर लोगों ने प्रदर्शन किया। बाद में, दिल्ली और यूपी सरकार के बीच बातचीत के बाद हिंडन नहर से पानी छोड़ा गया, जिससे लोगों को राहत मिली। मंत्री कपिल मिश्रा ने घाटों का निरीक्षण किया।

    Hero Image

    जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के कोंडली नहर में छठ होगी या नहीं इसे लेकर रविवार को दिनभर राजनीति हुई। इसको लेकर आम आदमी पार्टी दिल्ली सरकार पर निशाना साधती रही।

    दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने सुबह-सुबह नहर में बनाए गए घाटों का निरीक्षण किया। पानी न आने की खबर से मायूस होकर कुछ लोगों ने यहां पालिथीन लगाकर अस्थायी घाट बना दिए। इसके बाद दिल्ली सरकार व यूपी सरकार के बीच उच्च स्तर पर बातचीत हुई। शाम को हिंडन से कोंडली नहर में पानी छोड़ा गया। पानी आने से लोगों ने राहत ली। सोमवार को लोग यहां छठ मनाएंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    काेंडली नहर में अलग-अलग स्थानों पर घाट बने हैं। पांच वर्ष से यहां पर छठ पूजा नहीं हो रही थी। इस बार कोंडली वार्ड के क्षेत्र में केंद्रीय राज्यमंत्री एवं स्थानीय सांसद हर्ष मल्होत्रा ने एक छठ घाट का शिलान्यास किया था। फिर यमुना में छठ पूजा की अनुमति मिल गई।

    इस पर लोगों को लगा कि नहर में भी छठ पूजा होगी, इस कारण छठ समिति ने पुराने घाटों को संवारना शुरू कर दिया। समितियों में उत्साह रहा कि इस बार छठ धूमधाम से मनेगी। लेकिन नहर में पानी न आने की से लोग नाराज हो गए।

    लोगों ने रविवार को वसुंधरा एन्क्लेव क्षेत्र में कोंडली नहर के पास विरोध प्रदर्शन किया। सड़क जाम कर दी। इस दौरान कोंडली के विधायक कुलदीप कुमार बुराड़ी से आप के विधायक संजीव कुमार के साथ वहां पहुंच गए।

    उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली व उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार है, उसके बाद भी छठ मनाने वालों को नहर में पानी नहीं दे रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर पूर्वांचल विरोधी होने का आरोप लगाया। एक घंटे तक प्रदर्शन चला।

    पुलिस ने विधायक व उनके कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। कुछ देर बाद उन्हें छोड़ दिया। नहर में पानी की स्थिति का जायजा लेने के लिए दिल्ली के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा भी पहुंचे। उनके साथ प्रशासन, दिल्ली जल बोर्ड समेत कई विभागों के अधिकारी व लक्ष्मी नगर विधायक अभय वर्मा मौजूद रहे।

    यह भी पढ़ें- छठ पर्व पर दिल्ली में 2 दिन का ट्रैफिक डायवर्जन, भजनपुरा समेत दिल्ली-नोएडा के इन मार्गों पर रहेगी नो एंट्री

    मंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने यमुना में छठ पूजा पर रोक लगाई थी। भाजपा की सरकार भव्य तरीके से छठ मना रही है। कोंडली नहर में भी पूजा होगी। शाम को छठ के लिए बनी दिल्ली सरकार की उच्च स्तरीय समिति के सदस्य विधायक अभय वर्मा ने बताया कि हिंडन बैराज से कोंडली नहर के लिए पानी छोड़ दिया गया है। सोमवार तक नहर पानी से लबालब होगी।