Bihar Elections: जननायक के गांव से चुनाव प्रचार की शुरुआत करेंगे पीएम मोदी, पहली जनसभा 24 को
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार चुनाव के लिए जननायक कर्पूरी ठाकुर के गांव से प्रचार शुरू करेंगे। उनकी पहली जनसभा 24 [महीना] को होगी। यह कदम कर्पूरी ठाकुर के प्रति सम्मान दर्शाता है और बिहार में चुनावी माहौल को उत्साहित करेगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का चुनाव प्रचार 24 से। जागरण आर्काइव
राज्य ब्यूरो, पटना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मिशन बिहार 24 अक्टूबर को शुरू होगा। वे जननायक कर्पूरी ठाकुर के गांव से चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। उसी दिन बेगूसराय में भी उनकी जनसभा होगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. दिलीप जायसवाल ने रविवार को यह जानकारी दी।
डा. जायसवाल के अनुसार भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि देकर वे समस्तीपुर में पहली चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। उसी दिन बेगूसराय में भी चुनावी सभा करेंगे। पीएम मोदी इसके बाद 30 अक्टूबर को बिहार दौरे पर आएंगे और मुजफ्फरपुर और छपरा में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। इसके बाद उनका लगातार बिहार दौरा होगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्षी दलों के गठबंधन महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि उसमें सिर फुटौव्वल चल रहा है। एक ओर एनडीए के पांडव एकजुट होकर सौहार्दपूर्ण तरीके से सीट बंटवारा कर चुनावी मैदान में उतर चुके हैं तो कौरव की सेना महागठबंधन में अफरातफरी मची है। बिहार की जनता समझ रही है कि जब सीट बंटवारे में ही यह स्थिति आ सकती है तो ये सरकार क्या चलाएंगे। बिहार की जनता और मतदाता ने बिहार में फिर से एनडीए की सरकार बनाने का मन बना लिया है। यहां की जनता महागठबंधन के संस्कार और स्वभाव भी देख रही है।
उन्होंने कहा कि महागठबंधन में टिकट को लेकर जिस तरह पैसों का खेल हो रहा है, उसे भी बिहार की जनता देख रही है। एनडीए विकास पर, गरीबों के कल्याण और महिला सशक्तीकरण पर विश्वास करती है। युवाओं के रोजगार और नौकरी की चिंता करती है। किसानों का कल्याण जिस तरह एनडीए सरकार कर रही है, वह अभूतपूर्व है। पीएम मोदी की गारंटी पर बिहार की जनता को विश्वास है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।