Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    महागठबंधन पर चिराग का तंज, कांग्रेस व आरजेडी एक-दूसरे के खिलाफ लड़ रहे, एनडीए से क्या मुकाबला

    By Sanjay K Upadhyay Edited By: Ajit kumar
    Updated: Sat, 18 Oct 2025 05:39 PM (IST)

    Bihar Assembly Election 2025: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान ने महागठबंधन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस और आरजेडी आपस में ही लड़ रहे हैं, तो एनडीए से क्या मुकाबला करेंगे। उन्होंने महागठबंधन की एकता पर सवाल उठाया और एनडीए की मजबूत स्थिति पर जोर दिया। चिराग ने महागठबंधन को अवसरवादी गठबंधन बताया।

    Hero Image

    नामांकन सभा को संबोधित करते लोजपाआर प्रमुख चिराग पासवान। जागरण 

    संवाद सहयोगी, पहाड़पुर (पूर्वी चंपारण)। Bihar Assembly Election 2025: बिहार की सड़कें पहले जर्जर थी। चिकित्सा व्यवस्था बदहाल थी। लोगों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था नहीं थी। राज्य के किसी भी कोने में बिजली की व्यवस्था नहीं थी। हमारी पिछली सरकार ने इसे ठीक करने का काम किया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अब जनता के सहयोग से अगर बिहार में फिर से डबल इंजन (एनडीए) की सरकार बनती है, तो सबको बिहार में ही रोजी रोजगार मुहैया कराया जाएगा। नए कल-कारखाने लगाए जाएंगे। किसी को भी रोजगार के लिए दूसरे प्रदेश नहीं जाना होगा। उच्च शिक्षा की व्यवस्था बिहार में ही की जाएगी।

    जिस तरह पहले बिहार शिक्षा का हब हुआ करता था। ठीक उसी तरह अगले पांच वर्षों में अन्य प्रदेशों के लोग बिहार में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए आएंगे।

    उपरोक्त बातें लोजपा (आर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने शनिवार को उच्च विद्यालय पहाड़पुर के खेल मैदान में लोक जनशक्ति पार्टी (आर) प्रदेश अध्यक्ष व गोविंदगंज विधानसभा क्षेत्र से एनडीए समर्थित लोजपा (आर) के प्रत्याशी राजू तिवारी के नामांकन सह आशीर्वाद सभा में कही।

    उन्होंने कहा कि राजू तिवारी को विधायक बनाने की कल्पना मेरे पिताजी ने की थी। उनका सपना था कि तिवारी गोविंदगंज विधानसभा की आवाज सदन तक उठाएं। 2015 में विपरीत परिस्थितियों के बावजूद तिवारी लगातार डंटे रहे।

    इनको मेरे पिता ही नहीं देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी आशीर्वाद प्राप्त है। देश के प्रधानमंत्री विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसका उदाहरण है कि तीसरी बार प्रधानमंत्री की शपथ लेने के बाद अबतक 11 बार बिहार का दौरा करते हुए हजारों करोड़ों की सहायता राशि बिहार को दी है।

    उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार राज्य की रूपरेखा बदल सकती है। गलती से भी कोई चूक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे पिता का सपना पूरा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब जन कल्याण योजना के तहत 80 करोड लोगों को मुफ्त राशन देने का काम किया है।

    महागठबंधन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वहां तो आपस में जंग चल रहा है। कांग्रेस और आरजेडी एक दूसरे के खिलाफ प्रत्याशी उतार रहे हैं। हमारे गठबंधन वाली सरकार ने महिला, बुजुर्गों, किसानों, नौजवानों, दिव्यांगों एवं समाज के सभी वर्गों को सम्मान देने का काम किया है।

    वहीं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और गोविंदगंज से प्रत्याशी राजू तिवारी ने कहा कि मेरा रोम रोम गोविंदगंज के लिए है। सभा की अध्यक्षता जदयू के जिला प्रवक्ता जन्मेजय कुमार पटेल ने किया।

    जबकि मंच संचालन लोजपा आर के प्रदेश महासचिव अशोक कुमार मिश्रा ने किया। मौके परजिलाध्यक्ष धरनीधर मिश्रा,नागार्जुन झा,आयुष मिश्रा,ध्रुव चौरसिया, हीरालाल गिरी आदि मौजूद थे।