कौन हैं एक्ट्रेस Kadambari Jethwani जिनकी वजह से 3 IPS ऑफिसर हुए सस्पेंड? 40 दिन तक पुलिस कस्टडी में रहीं
जानी-मानी अभिनेत्री कादंबरी जेठवानी (Kadambari Jethwani) को पिछले महीने बिना किसी FIR के गिरफ्तार कर लिया था। करीब एक महीने तक कस्टडी में रहने के बाद रिहा हुईं और उन्होंने पुलिस ऑफिसर्स पर शोषण का आरोप लगाया। इस मामले में आंध्र प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए 3 आईपीएस ऑफिसर (IPS Officers) को सस्पेंड कर दिया है। जानिए पूरा मामला।
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। बॉलीवुड और साउथ फिल्मों में काम कर चुकीं कादंबरी जेठवानी (Kadambari Jethwani) उस वक्त विवादों में घिर गई थीं, जब धोखाधड़ी के आरोप में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। अब महीनों बाद इस मामले में एक नया मोड़ आया है और इस केस से जुड़े 3 आईपीएस ऑफिसर को सस्पेंड कर दिया गया है।
15 सितंबर को आंध्र प्रदेश सरकार ने एक बड़ा फैसला सुनाते हुए तीन आईपीएस अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया। इन अधिकारियों पर बिना जांच-प्रक्रिया का पालन करने और FIR दर्ज होने से पहले ही कादंबरी को गिरफ्तार करने का आरोप लगा है। एक्ट्रेस ने इन अधिकारियों पर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया है।
सस्पेंड हुए तीन IPS अधिकारी
हाल ही में, कादंबरी ने मुंबई में एक निगम के शीर्ष अधिकारी के खिलाफ केस दर्ज कराया था। एक्ट्रेस का आरोप है कि उन्हें अधिकारियों ने गिरफ्तार करने के बाद यह केस वापस लेने के लिए कहा और कहा कि अगर उन्होंने केस वापस नहीं लिया तो उन्हें और भी गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। इस शिकायत के बाद पूर्व खुफिया प्रमुख पी. सीताराम अंजनेयुलु (डीजी रैंक), पूर्व विजयवाड़ा पुलिस आयुक्त क्रांति राणा टाटा (महानिरीक्षक रैंक) और पूर्व पुलिस उपायुक्त विशाल गुन्नी (अधीक्षक रैंक) को सस्पेंड कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- सिंघम की रिलीज डेट पर मंडरा रहे संकट के बादल? Kartik Aaryan ने की रोहित शेट्टी से बात
क्या था मामला?
फरवरी महीने में वाईएसआर कॉन्ग्रेस पार्टी के नेता और फिल्ममेकर विद्यासागर ने साउथ एक्ट्रेस कादंबरी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था। हालांकि, केस 2 फरवरी को दर्ज हुआ, लेकिन अभिनेत्री को 31 जनवरी को ही गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें जल्दबाजी में गिरफ्तार करके मुंबई से विजयवाड़ा ले जाया गया था और उन्हें बेल लेने तक का मौका भी नहीं मिला। बिना जांच के उन्हें 40 दिनों तक कस्टडी में रखा है। साथ ही उनके माता-पिता को भी परेशान किया।
कौन हैं कादंबरी जेठवानी?
गुजरात में जन्मीं कादंबरी जेठवानी के पिता मर्चेंट नेवी ऑफिसर और मां भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) में मैनेजर हैं। क्लास में टॉपर रहीं कादंबरी ने श्रीमती एनएचएल म्युनिसिपल मेडिकल कॉलेज से MBBS की पढ़ाई की है। हालांकि, डॉक्टर बनने की राह छोड़ वह एक्ट्रेस बन गईं। उन्होंने बॉलीवुड फिल्म सड्डा अड्डा से डेब्यू किया था। वह साउथ फिल्मों में एक्टिव हैं।
जेठवानी ने दो दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी काम किया है, जिसमें एक मलयालम और एक कन्नड़ शामिल है। 2012 की मलयालम फिल्म आई लव मी में उन्होंने असिस्टेंट भूमिका निभाई।
इसके बाद जेठवानी ने राज कुमार रेड्डी की हॉरर फिल्म ओइजा (2015) में काम किया। इस फिल्म को तेलुगु में आटा के नाम से भी डब किया गया था। कदंबरी ने ओइजा में कन्नड़ अभिनेताओं श्रद्धा दास, भरत, सयाजी शिंदे और अविनाश के साथ काम किया है।
यह भी पढ़ें- सुनील शेट्टी से लेकर चिरंजीवी और शिल्पा शेट्टी तक बॉलीवुड सेलेब्स ने PM Modi के जन्मदिन पर भेजी शुभकामनाएं