'फर्जी वोट कांग्रेस की संस्कृति है, BJP की नहीं...', अनिल विज ने विपक्ष पर किया पलटवार
हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस फर्जी वोट बनाती है और भाजपा जनता के विश्वास पर खरी उतरती है। विज ने राहुल गांधी के बयानों को कांग्रेस की संस्कृति का हिस्सा बताया। खरगे के बिहार में जंगलराज वाले बयान पर विज ने कहा कि अब तेजस्वी को अपने पिता की सेवा करनी चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग पर टिप्पणी को भी बेमतलब बताया।

फर्जी वोट कांग्रेस की संस्कृति है, भाजपा की नहीं: विज
जागरण संवाददाता, अंबाला। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी पर लगाए गए आरोपों को निराधार, भ्रामक और भड़काऊ बताते हुए कहा कि कांग्रेस का काम ही झूठ फैलाना और भ्रम पैदा करना है, जबकि भाजपा जनता के विश्वास पर खरा उतरने वाली पार्टी है।
विज रविवार को मीडिया कर्मियों के सवालों का जवाब दे रहे थे। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विज ने कहा कि यह कांग्रेस की संस्कृति है, भाजपा की नहीं। फर्जी वोट कांग्रेस वाले बनाते हैं, और हमने उन्हें कई बार पकड़ा है।
राहुल गांधी आधी बात करते हैं और पूरी बात बताएं कि वोट किसे पड़े हैं, और इससे किसे फायदा हुआ है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अंबाला के साहा क्षेत्र में 223 फर्जी वोट पाए गए थे, जहां कांग्रेस का विधायक और सांसद दोनों जीते हैं। विज ने कहा कि इससे साफ है कि कांग्रेस फर्जीवाड़े से चुनावी लाभ उठाने की कोशिश करती है।
'खरगे ने स्वीकार किया है बिहार में पहले जंगलराज था'
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बिहार में एनडीए सरकार पर लगाए आरोपों का जवाब देते हुए विज ने कहा कि जब हम कपड़ा खरीदते हैं तो कंपनी की पुरानी हालत देखते हैं। खरगे ने खुद मान लिया कि 20 साल पहले बिहार में जंगलराज और कट्टा राज था। अब जब लालू प्रसाद यादव के पुत्र तेजस्वी यादव चुनाव हार चुके हैं, तो उन्हें अपने पिता की सेवा करनी चाहिए, जिनकी तबीयत ठीक नहीं है।
'प्रधानमंत्री ने जो कहा, वह इतिहास का उल्लेख है'
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी द्वारा प्रधानमंत्री पर टिप्पणी को लेकर विज ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जो कहा, वह इतिहास का उल्लेख था। उन्होंने ‘कट्टों’ और ‘ब्रह्मोस’ दोनों शब्दों का प्रयोग देश की ताकत और तुलना के संदर्भ में किया है। उन्होंने कहा कि जो इतिहास में दर्ज है उसका जिक्र किया जाएगा क्योंकि यह कट्टों से राज चलाते थे।
'चुनाव आयोग पर टिप्पणी बेमतलब है'
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को भाजपा का ‘पन्ना प्रमुख’ बताने वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विज ने कहा कि यह पूरी तरह बेमतलब बात है। चुनाव आयोग का काम वोट बनाना और वोटर लिस्ट जारी करना है। लिस्ट में पन्ने होते हैं तो उसे ‘पन्ना प्रमुख’ से जोड़ना हास्यास्पद है। कांग्रेस बिना कारण संस्थाओं को बदनाम करने की राजनीति कर रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।