Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    छह साल में 160 वंदे भारत एक्सप्रेस... यात्रियों की पहली पसंद बनी ये ट्रेन, पंजाब को भी मिली सौगात

    Updated: Sat, 08 Nov 2025 10:04 AM (IST)

    वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें भारत में तेजी से लोकप्रिय हो रही हैं। पिछले छह सालों में 160 ट्रेनें शुरू की गई हैं, जो यात्रियों की पहली पसंद बन गई हैं। आधुनिक सुविधाओं और तेज गति के कारण ये ट्रेनें लोकप्रिय हैं। आज पंजाब को एक नई वंदे भारत की सौगात मिलेगी, जो बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। यात्रियों के लिए आरामदायक सीटें और वाई-फाई जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

    Hero Image

    Jagran Photo

    जागरण संवादादात, अंबाला। देश की पहली सेमी हाई स्पीड वंदेभारत एक्सप्रेस अब यात्रियों की पहली पसंद बन चुकी है। छह साल में 160 वंदेभारत एक्सप्रेस पटरी पर उतर चुकी हैं। चेयरकार से शुरू हुई वंदेभारत अब स्लीपर कोच में भी लोगों को सुविधाएं दे रही है। शनिवार को पंजाब के फिरोजपुर से नई दिल्ली के लिए चल रही वंदेभारत एक्सप्रेस दो राज्यों सहित दिल्ली तक कनेक्टिविटी करने जा रही है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अंबाला मंडल में 10 वंदेभारत एक्सप्रेस दौड़ रही हैं, लेकिन अब यह आंकड़ा 14 का हो जाएगा। अब नई दिल्ली से कटड़ा के लिए दो वंदेभारत चल रही हैं। नई दिल्ली से अमृतसर, नई दिल्ली से अंब अंदौरा तक भी वंदेभारत दौड़ रही है। चंडीगढ़-अंबाला की गुरुग्राम से सीधी कनेक्टिविटी नहीं थी, जिसके चलते अजमेर से गुरुग्राम आने वाली वंदेभारत को चंडीगढ़ तक बढ़ा दिया।

    ऐसे में अंबाला मंडल की झोली में (अप-डाउन) 10 वंदेभारत हो गईं। अब फिरोजपुर से दिल्ली तक एक और ट्रेन शनिवार से पटरी पर उतरने जा रही है, जबकि दूसरी ट्रेन लखनऊ से चलकर अंबाला मंडल के सहारनपुर स्टेशन तक आएगी। वंदेभारत की औसत स्पीड 100 से अधिक करने के विकल्प तलाशे जा रहे हैं।

    16 से 24 कोच वाले रैक हो रहे तैयार

    नई वंदेभारत को नए फीचर के साथ तैयार किया जाएगा, वहीं इनमें कोच संख्या भी अलग-अलग होगी। एक रैक (गाड़ी) जहां 16 डिब्बों की होगी, तो वहीं दूसरी 24 डिब्बों वाली तैयार की जा रही है।

    इनको रेलवे की फैक्ट्री लातूर (महाराष्ट्र) और चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आइसीएफ) में तैयार किया जाएगा। साल 2018 में पहली वंदेभारत चेन्नई की कोच फैक्ट्री में तैयार हुई, जबकि अब इसी माडल को अन्य कोच फैक्ट्रियों में तैयार करने के आदेश दिए गए हैं।

    ये हैं मौजूदा सुविधाएं

    वंदेभारत में यात्रियों को मोबाइल, मैगजीन, वाटर बाटल होल्डर, स्नैक टेबल, इंटीग्रेटिड रीडिंग लाइट व चार्जिंग साकेट है, जबकि लगेज रूम की सुविधा भी है। बायो वैक्यूम टायलेट है, जो टच फ्री सुविधा के साथ है। फर्स्ट एसी कार में गर्म पानी का शावर है, सीसीटीवी सर्विलांस कैमरा, आन बोर्ड इनफोटेनमेंट के अलावा कई सुविधाए हैं।

     कुरुक्षेत्र: स्टेशन को सजाया

    फिरोजपुर छावनी-दिल्ली रूट पर चलने वाली वंदेभारत कुरुक्षेत्र स्टेशन पर दोपहर 12:48 बजे पहुंचेगी, जिसे दोपहर 12:50 बजे सांसद नवीन जिंदल हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कुरुक्षेत्र में रुकने वाली यह पहली वंदेभारत ट्रेन है। यह ट्रेन प्लेटफार्म नंबर-1 पर आएगी, इसका दो मिनट तक स्टेशन पर ठहराव रहेगा। स्टेशन को तिरंगे रंग से सजाया जा रहा है।

    पानीपत: दोपहर 1:25 बजे पहुंचेगी ट्रेन: ट्रेन दोपहर को 1:25 बजे स्टेशन पर पहुंचेगी, जो 1:27 बजे रवाना हो जाएगी। मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल पानीपत स्टेशन से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कार्यक्रम में स्कूली बच्चे, एनसीसी कैडेट, सांस्कृतिक दल और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।

    पिछले साल 1.94 लाख यात्रियों ने किया सफर

    रेलवे ने 10 वंदेभारत का डाटा साझा किया था। पिछले साल 1 लाख 94 हजार यात्रियों ने सफर किया था। छत्रपति शिवाजी टर्मिनस (सीएसएमटी) से शिरड़ी जाने वाली गाड़ी में 25434, शिरड़ी-सीएसएमटी में 23431, सीएसएमटी-सोलापुर में 30487, सोलापुर-सीएसएमटी में 32854, सीएसएमटी-गोवा में 14084, गोवा मडगांव-सीएसएमटी में 14071, नागपुर-बिलासपुर में 14733, बिलासपुर-नागपुर में 15315, नागपुर-इंदौर में 12100 यात्रियों ने सफर किया था।